BJP विधायक ने लगाई Wing Commander Abhinandan की तस्वीर, चुनाव आयोग ने Facebook से हटाने को कहा

ये शिकायत आयोग को cVIGIL एप पर मिली थी। बीते साल कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान ये एप लांच किया गया था। जिस पर नागरिक चुनाव आयोग से सबूत के साथ शिकायत कर सकते हैं।
चुनाव आयोग ने पहले ही राजनीतिक दलों को कहा दिया है कि कोई भी पार्टी अपने बैनर, पोस्टरों में सेना या सेना के जवान की तस्वीर का इस्तेमाल ना करें। हाल ही में ऐसे कई पोस्टर देखने को मिले हैं जिनमें अभिनंदन वर्तमान की तस्वीर लगी थी।
आयोग ने ट्वीटर को भी लोकसभा चुनाव के तहत कार्रवाई करने को कहा है। जिसमें चुनाव से संबंधित सामग्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने की बात कही गई है।
ये दो पोस्टर ओमप्रकाश शर्मा ने एक मार्च को फेसबुक पर शेयर किए थे। दोनों पोस्टरों में विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और खुद शर्मा की तस्वीर लगी थी। शर्मा दिल्ली के विश्वास नगर से विधायक हैं।
एक पोस्टर में लिखा था, "मोदी जी द्वारा इतने कम समय में बहादुर अभिनंदन को वापस लाना भारत की बहुत बड़ी कूटनीतिक विजय है।"
एक अन्य पोस्टर में लिखा था, "झुक गया पाकिस्तान, लौट आया है देश का वीर जवान।"
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा का कहना है कि यह पहला लोकसभा चुनाव है जहां फेसबुक, ट्विटर, गूगल, व्हाट्सएप और शेयरचैट जैसे सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म चुनाव आयोग के साथ सहयोग करने के लिए सहमत हुए हैं, ताकि उनके प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक अभियानों की अखंडता और वैधता बनी रहे।