Mission 2019: Lok Sabha चुनाव के समय 'चाणक्य नीति' पढ़ रहे BJP नेता

स्टाल पर काम कर रहे एक कर्मचारी मुकुल गोला ने बताया कि इस स्टाल से सबसे ज्यादा चाणक्य नीति की पुस्तकें बिकती हैं जो यहां तीन प्रमुख साइज में उपलब्ध हैं। साइज के अनुरुप चाणक्य नीति की पुस्तकें 150 रुपये, 200 रुपये और 250 रुपये में उपलब्ध हैं। कर्मचारी के मुताबिक सबसे ज्यादा बिक्री 150 रुपये मूल्य पर उपलब्ध पुस्तक की होती है।
एक अन्य कर्मचारी प्रदीप रावत के मुताबिक, अगर भाजपा के पूर्व या वर्तमान नेताओं की बात करें तो अटल बिहारी की पुस्तकें कार्यकर्ताओं की पसंद में सबसे ऊपर हैं। 'अटल बिहारी की चुनी हुई कविताएं' नाम से प्रकाशित पुस्तक की बिक्री बहुत ज्यादा होती है। यह पुस्तक 150 रुपये के मूल्य पर उपलब्ध है। इस पुस्तक पर छूट भी मिलती है। उनके बाद भाजपा के संस्थापक पंडित दीन दयाल की जीवनी पर लिखी पुस्तकें सबसे ज्यादा बिकती हैं। अगर मूल्य के हिसाब से बात करें तो दीन दयाल उपाध्याय की पुस्तक यहां सबसे ज्यादा कीमती है जो 6000 रुपये में उपलब्ध है। हालांकि, समय-समय पर इस पर विशेष छूट मिलती रहती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे, आरएसएस के संस्थापक केशव राव बलिराम हेडगेवार पर पुस्तकें और कुछ अन्य नेताओं पर लिखी पुस्तकें भी स्टाल पर उपलब्ध हैं। लेकिन यहां पर आने वाले पाठकों की पसंद में वे काफी नीचे हैं।