Lok Sabha चुनाव(Election) से पहले पूर्व मंत्री ने छोड़ा सपा का साथ, RLD में वापसी
पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह रालोद में शामिल हुए
मथुरा में लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को झटका लगा है। पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह ने सपा का साथ छोड़कर रालोद में वापसी की है। शुक्रवार को दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय पर रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने तेजपाल सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
ठाकुर तेजपाल शुरू से ही बड़े चौधरी और छोटे चौधरी के नेतृत्व में ही राजनीति करते रहे हैं। वो मथुरा की छाता विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रहे। बसपा में शामिल होने के बाद वर्ष 2004 में यूपी के पीडब्ल्यूडी मंत्री भी रहे। इसके बाद उन्होंने सपा का दामन थाम लिया। मुलायम सरकार में इन्हें मंत्री पद मिला।
अब फिर पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह ने घर वापसी की। रालोद मुखिया अजित सिंह और पार्टी उपाध्यक्ष जयंत चौधरी की मौजूदगी में उन्होंने रालोद की सदस्यता ली। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व मंत्री की वापसी से मथुरा में रालोद की ताकत और बढ़ सकती है।