SP-BSP गठबंधन की खबरों से बुरी तरह परेशान BJP, नेताओं को बदनाम करने में जुटी
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जैसे-जैसे लोकसभा के चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं भाजपा विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के अभियान में जुट गई है। वह साजिश और फरेब के सहारे लोगों को भ्रमित करना चाहती है। उसने पांच हजार करोड़ रुपये सिर्फ प्रचार पर खर्च किए हैं। भाजपा भी समझ रही है कि इस चुनाव में उसका सफाया होना तय है।
अखिलेश पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, भाजपा हमारे गठबंधन की खबरों से बुरी तरह परेशान हैं। आखिर, भाजपा ने भी तो 40 दलों से गठबंधन किया है। इसी तरह सीबीआई का भी हौव्वा खड़ा किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव में सीबीआई और गठबंधन का क्या संबंध है ? भाजपा को हटाना है तो सीबीआई क्या करेगी?
उन्होंने कहा, भाजपा राज में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। महंगाई और भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रहे। महिलाओं, बच्चियों का जीवन असुरक्षित है। व्यापारी वर्ग परेशान है। नौजवानों के सपने टूट गए हैं, विकास अवरुद्ध है। किसान कर्ज में डूबे हैं, कानून व्यवस्था ध्वस्त है।
अखिलेश ने कहा, सपा विकास और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा जातिवादी राजनीति कर रही है। विकास की योजनाएं सबके लिए होती हैं। भाजपा राज में भेदभाव और रागद्वेष की भावना से काम हो रहा है। देश की जनता 2019 के चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगी।