NCP घोषणा पत्र: Pakistan से बातचीत और किसानों की सौ फीसदी कर्ज माफी का वादा

एनसीपी के चुनावी घोषणा पत्र में किसानों की पूरी तरह से कर्ज माफी, किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए संरचनात्मक सुधार का वादा किया गया है। युवाओं को खासतौर पर शहरी युवाओं को 100 दिन न्यूनतम काम की गारंटी भी देने का आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा मौजूदा सरकार में जारी बेरोजगारी की स्थिति पर श्वेत पत्र लाने की घोषणा है, इसमें यह कहा गया है कि नोटबंदी के दुष्परिणामों की विवेचना की जाएगी। क्योंकि 2016 के बाद से देश में 1.80 करोड़ नौकरियों का नुकसान हुआ है।
महिलाओं के लिए एनसीपी के घोषणा पत्र में विशेष रूप से तीन तलाक बिल में आवश्यक सुधार, संसद में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण की बात की गई है। यह भी दावा किया गया है कि अगर एनसीपी केंद्र सरकार में प्रतिभागिता करती है तो विदेशी व्यापार के लिए समग्र नीति और नए निवेश के अनुकूल माहौल का निर्माण होगा। कर(टैक्स) संबधी दुश्वारियों को दूर करने केलिए सार्थक सुधार, श्रम कानूनों में बदलाव, सभी कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन के साथ उचित अवसर के लिए आयोग की स्थापना की जाएगी। जीएसटी की दर को अधिकतम दो स्लैप में लागू कराने का आश्वासन देश भर के व्यापारियों के लिए है।
राकांपा के घोषणापत्र में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हुई हिंसा केमामलों की जांच समयबद्ध तरीके से की जाएगी। ऐसे मामलों के लिए विशेष अदालतों का गठन कर इनका त्वरित निपटारा भी सुनिश्चित कराया जाएगा। दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र में घोषणापत्र जारी किया गया। वहां घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष विधायक दिलीप वालसे पाटिल ने घोषणापत्र जारी किया। वालसे ने कहा शिक्षा हमारी वरीयताओं में है।