Pulwama हमले के बाद Pak को जवाब देने के लिए तैयार थी हमारी Navy Army
navy shimla
पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ तनाव इस कदर बढ़ गया था कि भारतीय नौसेना ने अपना विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य, परमाणु पनडुब्बियां एवं अन्य युद्धपोतों को किसी भी स्थिति का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए समुद्री मोर्चे पर तैनात कर दिया था।
नौसेना के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। दरअसल, समुद्र में नौसेना के युद्धक बेड़ों की तैनाती एक बड़े युद्धाभ्यास का हिस्सा थी लेकिन 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले के तुरंत बाद इसे तुरंत ऑपरेशनल मोड में लगा दिया गया। नौसेना सूत्रों ने बताया कि नेवी के लगभग 60 युद्धपोत, कोस्ट गार्ड के 12 जहाज व करीब 80 एयरक्रॉफ्ट ऑपरेशनल मोड में थे।
नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन डीके शर्मा ने बताया कि आतंकी हमले के वक्त युद्धाभ्यास ट्रोपेक्स चल रहा था। उस समय हमारे पास जो युद्धक संसाधन थे उससे हम दोनों सेनाओं के साथ मिलकर किसी भी कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम थे।
बता दें कि पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के बाद 26 फरवरी को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था।