11 अप्रैल को Aligarh में रैली को संबोधित करेंगे PM Modi, नुमाइश मैदान का हुआ निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अप्रैल को अलीगढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। नुमाइश मैदान में उनकी सभा संभावित है। पार्टी के निर्देश के बाद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल अलीगढ़ पहुंच गए हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं एवं जन प्रतिनिधियों के साथ जीटी रोड स्थित रघुनाथ पैलेस में बैठक कर व्यवस्था का बंटवारा किया। उसके बाद नुमाइश मैदान का निरीक्षण करने गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ब्रज क्षेत्र के पूर्व उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल अलीगढ़ में पहले भी नरेंद्र मोदी की दो रैली करा चुके हैं। 2014 में लोकसभा चुनाव के पहले 6 अप्रैल में नरेंद्र मोदी नुमाइश मैदान में आए थे। विधान सभा चुनाव के पहले 5 फरवरी 2017 को भी चुनावी सभा को संबोधित किया था।
भाजपा के जिला प्रवक्ता डॉ. निशित शर्मा एवं महानगर प्रवक्ता शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि 11 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली प्रस्तावित है। रैली का लाइव प्रसारण किया जाएगा। पुराने सारे रिकार्ड तोड़ने की तैयारी है। संख्या पर सबसे अधिक ध्यान दिया जा रहा है। जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, चौधरी नत्थी सिंह, डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष चंद्रमणि कौशिक आदि मौजूद थे।