Congress की 'जन आवाज' पर Mahender Nath Pandey ने किया वार, इस वादे पर पार्टी से मांगा जवाब
महेंद्र नाथ पांडेय
लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को घोषणापत्र जारी किया। 'जन आवाज' नाम से जारी घोषणापत्र में कांग्रेस ने कई तरह के वादे किए हैं। इन वादों को देखकर भाजपा ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को 'काल्पनिक घोषणा पत्र' करार दे दिया। कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि कांग्रेस का जारी किया गया घोषणा पत्र पूरी तरह से काल्पनिक है। जमीनी हकीकत से इसका कोई सरोकार नहीं है। जमीन पर यह घोषणा पत्र आधारहीन है।
भाजपा प्रति वर्ष 1 लाख 6 हजार रुपए की सुविधाएं गरीबों को दे रही है। गरीबों का जीवन स्तर उठाने और उसे बेहतर करने का जो काम मोदी सरकार ने किया है, ऐसा उदाहरण पिचली किसी भी सरकार में नहीं मिलता है। कांग्रेस के घोषणापत्र 'जन-आवाज' के मुताबिक मनरेगा के कार्य दिनों की संख्या 100 से बढ़ाकर 150 दिन करने के वादे पर भी महेंद्र नाथ पांडे ने वार किया है।
महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि मनरेगा योजना को हमारी सरकार ने बेहतर किया है। मनरेगा को अगर किसी भी क्षेत्र में सबसे उपयोगी बनाया है तो वो भी मोदी सरकार ने बनाया है। मोदी सरकार इस योजना की उपयोगिता को और बेहतर करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस के घोषणा पत्र में किसान की कर्ज माफी के वादे पर महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि दो दिन में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में केवल कॉपरेटिव सेक्टर के लोन माफ़ किए हैं। वह भी सिर्फ 3 हजार लोगों के, अभी किसानों का कर्ज नहीं चुकाया है। कांग्रेस के लोग इसका जवाब दें।