PM Modi की रैली से पहले अरुणाचल CM के काफिले से मिले 1.80 करोड़, Congress ने कहा 'नोट के बदले वोट'

सुरजेवाला ने पैसे की रिकवरी की सनसनीखेज वीडियो भी दिखाई और कहा कि दो बातें साफ है। पहली- युवा कांग्रेस की शिकायत पर कैश की गड्डियां बरामद हुए हैं। दूसरी बात यह कि चुनाव आयोग की अधिकारी स्मृता कौर गिल और पासीघाट की डिप्टी कमिश्नर किमी सिंह भी वीडियो में दिख रही हैं। इस काफिले में उप मुख्यमंत्री चाउना माइन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तापेर गाव भी मौजूद थे।
'चोर की चौकीदारी और चौकीदार की चोरी पकड़ी गई'
वीडियो दिखाने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रजातंत्र का काला दिन है। चोर की चौकीदारी और चौकीदार की चोरी रंगे हाथ पकड़ी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदीजी का नारा है- नोट दो, वोट लो। पीएम मोदी जवाब दें कि क्या कालाधन से वोट लेकर, कालाधन से लोगों को बुलाकर चुनाव जीतना चाहते हैं। क्या मुख्यमंत्री के काफिले का प्रयोग करेंगे? 180 लाख कालाधन है या सफेद? भाजपा के किस खाते से इतनी राशि निकाली गई?
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले मणिपुर में भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तापेर गाव पकड़े गए थे। क्या मुख्यमंत्री पेमा खांडू उप मुख्यमंत्री चाउना माइन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए? उन्होंने एक बार फिर 'चौकीदार चोर है' का आरोप लगाया।