Amit Shah का Priyanka Gandhi को जवाब- 23 मई को पता चल जाएगा कौन दुर्योधन है, कौन अर्जुन
लोकसभा चुनाव 2019 - अमित शह - फोटो : Bharat Rajneeti
Bharat Rajneeti: लोकसभा चुनाव 2019 के रण में दिनोंदिन जुबानी हमलों का दौर तेज होता जा रहा है। पांच चरण का मतदान पूरा हो चुका है, अब दो दौर का मतदान बाकी रह गया है। आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बीच जुबानी तीर चले। प्रियंका ने पीएम मोदी को दुर्योधन बताया तो इसका जवाब अमित शाह ने दिया। अमित शाह ने प. बंगाल के बिष्णुपुर में कहा- प्रियंका वाड्रा ने पीएम मोदी को आज दुर्योधन बताया, प्रियंका जी यह लोकतंत्र है। आपके कहने से कोई दुर्योधन नहीं हो जाता है। 23 मई को पता चल जाएगा कि कौन दुर्योधन है और कौन अर्जुन।
बता दें कि हरियाणा के अंबाला में हुई रैली में प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को दुर्योधन बताया और कहा कि उन्होंने मेरे परिवार के शहीदों का अपमान किया है, बर्दाश्त नहीं करूंगी। प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए महाभारत के एक प्रसंग की चर्चा की। उन्होंने कहा कि घमंड तो दुर्योधन का भी टूट गया था, तो पीएम मोदी क्या चीज हैं। देश ने अंहकार को कभी माफ नहीं किया। ऐसा ही अहंकार दुर्योधन में भी था, जब भगवान कृष्ण उन्हें समझाने गए थे तो उनको भी दुर्योधन ने बंधक बनाने की कोशिश की थी।
इस दौरान प्रियंका ने राष्ट्रकवि दिनकर की कविता भी सुनाई। प्रियंका गांधी ने कहा कि दिनकर जी की पंक्तियां हैं, जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। ऐसा ही पीएम मोदी के साथ हुआ है। उनका विवेक मर गया है, तभी वे इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। मेरे परिवार के खिलाफ जहर उगल रहे हैं।