मिशन 250: बंगाल में दीदी का किला ध्वस्त करने की तैयारी में जुटी भाजपा, अपनाएगी ये रणनीति Bharat Rajneeti
पार्टी चुनाव में जीत की रणनीति बनाने के अलावा तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने के इच्छुक नेताओं की छंटनी भी कर रही है। हाल में ही दार्जिलिंग नगर निगम के 30 में से 17 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। जिसके बाद इस नगर निगम पर अब भाजपा का कब्जा हो गया है। लोकसभा चुनाव के बाद से पश्चिम बंगाल की है तीसरी नगर निगम है जो अब भाजपा द्वारा शासित होगी।
इससे पहले भाटपारा और नईहाटी नगर निगम पहले ही भाजपा के कब्जे में आ चुके हैं। लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यहां भाजपा के निर्वाचित मेयर को नियुक्त करने के बजाय प्रशासक बैठा दिया है। राज्य सरकार ने दलील दी है कि चूंकि जल्द ही स्थानीय निकायों के चुनाव होने हैं, इसलिए इन दोनों नगर निगमों में महापौर की नियुक्ति अनावश्यक है।
ममता बनर्जी के तृणमूल कांग्रेस के बांग्ला गौरव के धार को कुंद करने के लिए भाजपा बंगालियों के हितों के मुद्दे को खड़ा करेगी। 2021 में भाजपा का मुख्य हथियार रोजगार सृजन के लिए औद्योगिकीकरण और राज्य के लिए राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण होगा ताकि अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को खदेड़ा जा सके।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ''लोकसभा चुनाव के लिए हमने 23 सीटों का लक्ष्य रखा था और 18 सीटें मिलीं। अब हमारा नया लक्ष्य (विधानसभा चुनाव में) 250 सीटों का है। हम अपनी चुनावी रणनीति बनाएंगे और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जी-तोड़ मेहनत करेंगे।''