आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम नायडू की हवाईअड्डे पर हुई तलाशी, नहीं मिली वीआईपी सुविधा
एन चंद्रबाबू नायडु - फोटो : bharat rajneeti
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता एन चंद्रबाबू नायडू को राज्य के गन्नवरम हवाई अड्डे पर तलाशी से गुजरना पड़ा है। केवल इतना ही नहीं उन्हें विमान तक जाने के लिए वीआईपी सुविधा से भी वंचित रहना पड़ा। नायडू ने आम यात्रियों की तरह ही विमान तक जाने के लिए शटल बस से यात्रा की।
ते
लुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के नेता नायडू को Z+ सुरक्षा मिली हुई है। उनपर सालों पहले तिरुपति के अलिपिरि में माओवादियों ने हमला कर दिया था। जिसके बाद से उन्हें Z+ सुरक्षा मिली। इस घटना पर टीडीपी ने नाराजगी जाहिर की है। पार्टी ने भाजपा और सत्ता में बैठी वाईएसआर (कांग्रेस) पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया है। टीडीपी का कहना है कि नायडू के साथ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है।
पार्टी के नेता और राज्य के पूर्व गृह मंत्री चिन्ना राजप्पा का कहना है कि अधिकारियों का रवैया ना केवल अपमानजनक था बल्कि उन्होंने नायडू की सुरक्षा से भी समझौता किया है। उनका कहना है कि नायडू कई सालों से विपक्ष में थे लेकिन फिर भी उन्हें इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। राजप्पा ने केंद्र और राज्य सरकार से नायडू के लिए उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।