कर्नाटक: जेएसडब्ल्यू भूमि सौदे के खिलाफ धरने पर भाजपा, येदियुरप्पा ने संभाली कमान
धरने पर बीएस येदियुरप्पा - फोटो :bharat rajneeti
कर्नाटक में भाजपा के राज्य प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और अन्य भाजपा नेताओं ने जेएसडब्ल्यू भूमि सौदे के खिलाफ बंगलूरू में पूरी रात का धरना दिया। भाजपा ने आरोप लगाया है कि डील फाइनल होते ही राज्य सरकार को इसका फायदा मिलेगा।
बता दें कि यह मामला
जेएसडब्ल्यू स्टील कंपनी की बेल्लारी में स्थित 3,667 एकड़ जमीन की बिक्री का है। भाजपा ने इस मुद्दे पर कर्नाटक सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा कि जेएसडब्ल्यू को सस्ती दर पर भूमि आवंटित करने का फैसला सरकार ने जान-बूझकर किया है।
भाजपा का ये भी दावा है कि ऐसा करके सरकार अपनी झोली भरने का काम करना चाहती है, क्योंकि उसे राज्य में अपनी सरकार गिरने का डर है। दरअसल, कर्नाटक मंत्रिमंडल ने 27 मई 2019 को 3,667 एकड़ भूमि को फ्री होल्ड करने का फैसला किया था। कर्नाटक के बेल्लारी जिले के विजयनगर स्थित इस जमीन को 2005-06 में जेएसडब्ल्यू को पट्टा सह बिक्री पर दिया गया था।