मुंबई LIVE: आफत की बारिश ने ली 27 लोगों की जान, सार्वजनिक छुट्टी, नौसेना तैनात
मुंबई में आफत की बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है - फोटो : bharat rajneeti
खास बातें
- भारी बारिश के पूर्वानुमान के बाद मुंबई में मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित
- लोगों को घर से निकलने से मना किया गया, स्कूल-कॉलेज और दफ्तर बंद
- मुंबई में रातभर बारिश होने के कारण कई जगह दीवार ढहीं, 27 लोगों की मौत
- मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे फिलहाल बंद, 54 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया
देश की आर्थिक नगरी मुंबई और राज्य के बाकी हिस्सों में छाए बादल निवासियों के लिए आफत बनकर बरस रहे हैं। भारी बारिश के कारण जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। सड़कों के साथ ही रेलवे स्टेशन, अस्पतालों में पानी भर गया है। कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी भारी बारिश हो सकती है। सरकार ने दो जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित करते हुए सभी स्कूलों और दफ्तरों को बंद रखने का फैसला किया है।
बृहनमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की तरफ से कहा गया है कि दो जुलाई को सभी निजी और सरकारी स्कूल, निजी और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। अगले 24 घंटों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और बाकी हिस्सों मे रुक-रुकर बारिश होगी। सड़कों पर पानी भरने के कारण यातायात बुरी तरह से प्रभावित है। पालघर और नालासोपारा रेलवे स्टेशन पर बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार पालघर में आज भारी बारिश की संभावना है।
Live Updates:
- भारी बारिश की वजह से कई जगह दीवारें गिरी हैं उनमें अभी तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग अस्पातल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे।
- कन्नूर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के प्रवक्तने कहा, मुंबई जाने वाली कुछ उड़ानों को बंगलूरू की ओर डायवर्ट कर दिया गया है। बंगलूरू से मुंबई के बीच का संचालन सामान्य है।
- मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) के प्रवक्ताने कहा, हवाई अड्डे पर मुख्य रनवे बंद है लेकिन वैकल्पिक रनवे चालू है। उड़ान भरने में देरी और डायवर्जन हो रहा है।
- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज मलाड की दीवार ढहने की घटना में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए शताब्दी अस्पताल पहुंचे। उनके साथ मंत्री योगेश सागर भी मौजूद थे। घटना में 18 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 13 घायल हो गए।
- खराब मौसम, तेज हवाओं के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की 54 उड़ानें रद्द और 52 को डायवर्ट किया गया है।
- भारतीय नौसेना ने बीएमसी के एक अनुरोध के बाद कुर्ला क्षेत्र में बारिश से प्रभावित और फंसे हुए लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए विभिन्न टीमों को तैनात किया है। एनडीआरएफ, दमकलकर्मियों, नौसेना की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
- महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि मूसलाधार बारिश होने और उससे रेल तथा सड़क परिवहन प्रभावित होने के कारण मुंबई में सिर्फ आपात सेवाएं ही चालू रहेंगी।
- भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मूसलाधार बारिश के पूर्वानुमान के बाद स्थानीय निकाय ने लोगों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। सोमवार सुबह से मुंबई के कई हिस्सों में करीब 100 मिलीमीटर बारिश हुई है।
- वकोला पुलिस स्टेशन के अंदर पानी भर गया है।
- रायगढ़ में एक सरकारी अस्पताल के अंदर पानी भर गया है जिसके कारण लोगों को कई तरह की दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों से लेकर मरीजों तक को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
- बारिश के कारण केंद्रीय रेलवे ने कुछ छोटी और लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द कर दी हैं। रेलवे की तरफ से लगभग आठ मुख्य ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। बारिश का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है।