सीएम योगी आज रायबरेली दौरे पर, अमर शहीद राना को देंगे श्रद्धांजलि
फाइल फोटो : bharat rajneeti
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रायबरेली में होंगे। वे नेहरू नगर क्रॉसिंग पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद राना बेनी माधव की प्रतिमा व शहीद चौक पर पुष्पांजलि के बाद इंदिरा गांधी सभागार में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
सीएम के कार्यक्रम को लेकर सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक एसके भगत ने यहां पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने डीएम नेहा शर्मा व एसपी स्वप्निल ममगैन के साथ पुलिस लाइंस से लेकर कार्यक्रम स्थल में निरीक्षण करके सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कराया। सभागार में अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का शत प्रतिशत निर्वहन करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री आज दोपहर 12.55 बजे पुलिस लाइंस पहुंचेंगे। यहां से वे अमर शहीद राना बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा एवं शहीद चौक पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद फिरोज गांधी कॉलेज स्थित इंदिरा गांधी सभागार में आयोजित भाव समर्पण समारोह में भाग लेंगे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर सोमवार को पुलिस लाइंस से लेकर नेहरू नगर क्रॉसिंग तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह बैरीकेटिंग के साथ ही पुलिस तैनात कर दी गई है।
मुख्यमंत्री का आधे घंटे के आरक्षित कार्यक्रम ने बढ़ाई अफसरों की धड़कने
मुख्यमंत्री ने दोपहर दो से ढाई बजे के बीच का आरक्षित कार्यक्रम रखा है। इस दौरान वे औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं। सीएम के औचक निरीक्षण को लेकर अधिकारियों की धड़कने बढ़ गई हैं। खासकर जिला अस्पताल में दिनभर बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त कराने का काम चला।
सभी बेडों से फटी व गंदी चादरों को हटाकर नई चादरें बिछाई गई हैं। पूरे परिसर को साफ-सुथरा किया गया है। इसके अलावा डिग्री कॉलेज चौराहा से लेकर नेहरू नगर क्रॉसिंग तक सरकारी की सभी योजनाओं की होर्डिंग्स लगवाने के साथ ही बाउंड्री पर स्वच्छ भारत मिशन की वॉल पेंटिंग भी कराई गई है।
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
समय कहां पहुंचेंगे
12.20 बजे 8 कालीदास मार्ग लखनऊ से प्रस्थान।
12.30 बजे लॉ मार्नीनियर कॉलेज ग्राउंड लखनऊ से हेलीकॉप्टर से प्रस्थान।
12:50 बजे पुलिस लाइंस रायबरेली में आगमन।
13.00 बजे राना बेनी माधव सिंह प्रतिमा स्थल पर आगमन।
13.10 बजे शहीद चौक पर आगमन।
13.15 बजे फिरोज गांधी सभागार में आगमन।
14.00 से 14.30 बजे आरक्षित कार्यक्रम।
14.40 बजे पुलिस लाइंस रायबरेली से प्रस्थान।
15.00 बजे पुलिस ट्रेनिंग सेंटर सुल्तानपुर आगमन।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर सुरक्षा सहित अन्य सभी तैयारियों को पूरा करा दिया गया है। सभी जरूरी स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। आईजी के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया है। सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी दे दी गई है। आधे घंटे के आरक्षित कार्यक्रम में सीएम औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं।- नेहा शर्मा, जिला अधिकारी