भाजपा ने की 'सेवा सप्ताह' की शुरुआत, अमित शाह ने एम्स में बच्चों को बांटे फल फिर की सफाई

वहीं उत्तर प्रदेश में भी भाजपा ने सेवा सप्ताह का आगाज कर दिया है। हमीरपुर में यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने राज्य के मंत्री अशोक कटारिया और रामचंद्र प्रताप सिंह के साथ सड़क पर झाड़ू लगाया। काशी में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को खास तरीके से मनाया जाएगा। उनके जीवन से जुड़ी पुस्तकें समाज के प्रबुद्ध और प्रतिष्ठित लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।
शुक्रवार 20 सितंबर तक इस सेवा सप्ताह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर सरकार के सभी मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से लेकर संगठन में बूथ तक काम करने वाले कार्यकर्ता भाजपा के झंडा-बैनर और प्रधानमंत्री के संदेश के साथ लोगों के पास सेवा कार्यों के जरिए पहुंचने की कोशिश करेंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह हमीरपुर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट में, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल लखनऊ में मोहान रोड स्थित बालगृह में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। भाजपा रणनीतिकारों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को उत्सव के बजाय लोगों से संपर्क और संवाद को ताजा करने का माध्यम बनाने का फैसला किया है।