
India Independence Day 2021 LIVE: आज पूरा देश स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है और आजादी के जश्न में डूबा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। अब देश को संबोधित कर रहे हैं। आज का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि लाल किले पर पहली बार पुष्प वर्षा होगी। साथ ही साथ देश आजादी के 75वीं वर्षगांठ को 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तौर पर मना रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आजादी का 75वां वर्ष मनाने के लिए मार्च 2021 में गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से 'आजादी का अमृत महोत्सव' शुरू किया था, जो 15 अगस्त, 2023 तक जारी रहेगा। राजधानी दिल्ली के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर फूल चढ़ाया और बापू को नमन किया। इसके बाद वह लाल किला पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वागत किया। पीएम मोदी ने तिरंगा फहराया। अब से उनका संबोधन हो रहा है।। इस मौके पर टोक्यो ओलंपिक में शामिल हुए खिलाड़ी भी हैं। तो चलिए जानते हैं जश्न-ए-आजादी के हर अपडेट।
Sun, 15 Aug 2021 07:46 AM
लाल किले से पीएम मोदी ने किया बंटवारे का जिक्र
लाल किले के प्राचीर से बंटवारे का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह दर्द सीने को छलनी करता है।
Sun, 15 Aug 2021 07:45 AM
ओलंपिक खिलाड़ियों ने युवाओं को प्रेरित किया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने लाल किले पर मौजूद ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए तालियां बजवाकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने न सिर्फ दिल जीता है, बल्कि युवाओं को प्रेरित भी किया है।
Sun, 15 Aug 2021 07:45 AM
कोरोना योद्धाओं की पीएम मोदी ने की प्रशंसा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी में हमारे डॉक्टर, हमारे नर्सेस, हमारे पैरामेडिकल स्टाफ, सफाईकर्मी, वैक्सीन बनाने मे जुटे वैज्ञानिक हों, सेवा में जुटे नागरिक हों, वे सब भी वंदन के अधिकारी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान हमारे देश में चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भारत के पास वैक्सीन नहीं होती तो क्या होता।
Sun, 15 Aug 2021 07:37 AM
पीएम मोदी ने महापुरुषों को किया नमन, नेहरू का लिया नाम
लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आजादी के मौके पर सभी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने सुभाषचंद्र से लेकर झांसी की रानी लक्ष्मीबाई तक के सभी वीर शहीदों को नमन किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने जवाहर लाल नेहरू से लेकर लाल बहादुर शास्त्री का जिक्र किया और कहा कि देश इन सभी महापुरुषों का कर्जदार है और हमेशा याद रखेगा। पीएम मोदी ने कहा कि देश के अनगिनत लोगों ने इस राष्ट्र को बनाया है और आगे बढ़ाया है, उन्हें नमन। भारत ने सदियों तक मातृभूमि और संस्कृति और आजादी के लिए संघर्ष किया है। आजादी की ललक इस देश ने कभी नहीं छोड़ी।
Sun, 15 Aug 2021 07:31 AM
पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर फहराया तिरंगा
आजादी के 75वें वर्षगांठ के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और पूरा देश जश्न में डूब गया। अब से कुछ देर में पीएम मोदी देश को संबोधित करेंगे।
Sun, 15 Aug 2021 07:22 AM
लाल किले पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ ने किया स्वागत
बापू को नमन करने के बाद राजघाट से पीएम मोदी का काफिला लाल किला पहुंच चुका है। लाल किला पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कारक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया। यहां उन्हें सलामी दी गई । पीएम मोदी अब सेना की तीनों टुकड़ियों का निरीक्षण करेंगे। अब कुछ देर में पीएम मोदी का संबोधन शुरू होगा।
Sun, 15 Aug 2021 07:15 AM
75वें स्वतंत्रता दिवस पर राजघाट पहुंचे पीएम मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
75वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। अब यहां से वह लाल किला के लिए रवाना हो गए हैं।
Sun, 15 Aug 2021 07:11 AM
दिल्ली में चप्पे-चप्पे पर तैनात जवान
आजादी के जश्न के मौके पर दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गाजीपुर और सुबर्तो पार्क के पास सुरक्षा जांच करते पुलिस के जवान।
Sun, 15 Aug 2021 06:55 AM
Independence Day 2021:राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर तिरंग फहराया
स्वतंत्रता दिवस 2021: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर तिरंग फहराया।
Sun, 15 Aug 2021 06:46 AM
लाल किले पर कैसी है तैयारी, देखें तस्वीरें
75th Independence Day: लाल किले पर ध्वाजारोहण समारोह से पहले तैयारियां जारी। कुछ देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यहीं से तिरंग फहराएंगे।
Sun, 15 Aug 2021 06:44 AM
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा
75th Independence Day: केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने आवास पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 'आजादी के अमृत महोत्सव' में आज कई कार्यक्रम होंगे। 2047 तक भारत को भ्रष्टाचार, गरीबी मुक्त बनना चाहिए।
Sun, 15 Aug 2021 06:30 AM
लाल किले के लिए भारतीय ओलंपिक खिलाड़ी होटल से रवाना
75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारतीय ओलंपिक खिलाड़ी होटल अशोका से लाल किले के लिए रवाना हो चुके हैं। लाल किला रवाना होने से पहले ओलंपिक में गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने कहा कि पहले हम टीवी पर ध्वजारोहण देखते थे, आज हम वहां खुद जा रहे हैं देखने। यह हमारे लिए नया अनुभव है। हमने लंबे समय से एकल खेल में गोल्ड मेडल नहीं जीता था। मैंने इस बार जीता और मुझे खुशी है कि देश को मेरी वजह से गर्व महसूस हो रहा है।
Sun, 15 Aug 2021 06:25 AM
पीएम मोदी ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है।
Sun, 15 Aug 2021 06:24 AM
स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
राष्ट्रीय राजधानी में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और हजारों सुरक्षाकर्मी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। दिल्ली की सीमाओं पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जहां हजारों किसान केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ आठ महीने से अधिक समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, लाल किले पर सुरक्षा का कई घेरा तैयार किया गया है, जहां से प्रधानमंत्री 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र को संबोधित करेंगे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल और सीमावर्ती इलाकों समेत शहर भर के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के बाहर भारी संख्या में अवरोधक लगाए गए हैं और अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती हुई तथा कई घेरे में सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए गए हैं। गड़बड़ी को रोकने के लिए शहर भर में जांच और गश्ती बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय राजधानी में कोई अप्रिय घटना न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा मोटरबोट पर यमुना नदी में गश्त की जा रही है। खतरे की आशंका और खुफिया सूचनाओं के मद्देनजर आतंक रोधी कदम उठाए जा रहे हैं।
Sun, 15 Aug 2021 06:13 AM
लाल किले पर पहली बार पुष्पवर्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 1वी हेलीकॉप्टर पहली बार समारोह स्थल के ऊपर पुष्प वर्षा करेंगे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले 32 खिलाड़ियों और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के दो अधिकारियों को लाल किले में आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। आज यानी रविवार सुबह लाल किले पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री के आगमन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और रक्षा सचिव डॉ अजय कुमार उनकी अगवानी करेंगे। रक्षा सचिव, दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), लेफ्टिनेंट जनरल विजय कुमार मिश्रा का प्रधानमंत्री से परिचय कराएंगे। इसके बाद दिल्ली क्षेत्र के जीओसी मोदी को सैल्यूटिंग बेस तक ले जाएंगे,जहां एक संयुक्त इंटर-सर्विसेज और दिल्ली पुलिस गार्ड प्रधानमंत्री को सामान्य सलामी देंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री सलामी गारद का निरीक्षण करेंगे।