India news :- इतिहास के पन्नों में 11 सितंबरः अमेरिका कभी नहीं भूल सकता 2001 की इस 'खौफनाक' तारीख को - Bharat news, bharat rajniti news, uttar pradesh news, India news in hindi, today varanasi newsIndia News (भारत समाचार): India News,world news, India Latest And Breaking News, United states of amerika, united kingdom

.

अन्य विधानसभा क्षेत्र

बेहट नकुड़ सहारनपुर नगर सहारनपुर देवबंद रामपुर मनिहारन गंगोह कैराना थानाभवन शामली बुढ़ाना चरथावल पुरकाजी मुजफ्फरनगर खतौली मीरापुर नजीबाबाद नगीना बढ़ापुर धामपुर नहटौर बिजनौर चांदपुर नूरपुर कांठ ठाकुरद्वारा मुरादाबाद ग्रामीण कुंदरकी मुरादाबाद नगर बिलारी चंदौसी असमोली संभल स्वार चमरौआ बिलासपुर रामपुर मिलक धनौरा नौगावां सादात

रविवार, 11 सितंबर 2022

India news :- इतिहास के पन्नों में 11 सितंबरः अमेरिका कभी नहीं भूल सकता 2001 की इस 'खौफनाक' तारीख को


दुनिया के इतिहास में 11 सितंबर की तारीख दुखद घटना के रूप में भी दर्ज है। विश्व के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के सीने पर इस दिन हुए आतंकी हमले ने एक ऐसा जख्म दिया, जिसकी टीस हर पल महसूस की जाती है। 2001 को 11 सितंबर को ही आतंकवादियों ने यात्री विमानों को मिसाइल की तरह इस्तेमाल करते हुए अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध वर्ल्ड ट्रेड टॉवर और पेंटागन को निशाना बनाया।

इस दिन मंगलवार था। किसी आम दिन की तरह अमेरिकी नागरिक सुबह उठकर अपने काम पर जा चुके थे। न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में भी करीब 18 हजार कर्मचारी अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। यहां बड़ी-बड़ी कंपनियों के ऑफिस थे। तभी 8 बजकर 45 मिनट पर बोइंग 767 तेज रफ्तार से वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के नॉर्थ टॉवर से जा टकराया। सैकड़ों लोग मारे गए और इतने ही लोग आग और धुएं के बीच कैद होकर रह गए। अभी तक पूरी दुनिया इसे एक हादसा समझ रही थी।

ठीक 18 मिनट बाद एक दूसरा बोइंग 767 बिल्डिंग के साउथ टॉवर से जा टकराया। बिल्डिंग में आग लग गई और कई लोग मारे गए। अब यह साफ हो चुका था कि यह हादसा नहीं बल्कि आतंकवादी हमला है। दरअसल 19 आतंकियों ने चार विमान हाईजैक किए थे। दो विमान वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के दोनों टॉवरों से टकरा गए। तीसरा विमान अमेरिकी रक्षा मंत्रालय यानी पेंटागन से टकराया। पेंटागन में 184 लोग मारे गए। चौथा विमान शेंकविले में एक खेत में क्रैश हुआ।

इसे मानव इतिहास का सबसे भीषण आतंकी हमला माना जाता है। हमले में 93 देशों के करीब 3000 लोग मारे गए। हाईजैकर्स में 15 सऊदी अरब के थे, जबकि बाकी यूएई, मिस्र और लेबनान के थे। इस हमले के बाद ही अलकायदा का चीफ ओसामा बिन लादेन दुनिया का मोस्ट वांटेड आतंकी बना। अमेरिका ने लादेन को जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए 2.5 करोड़ डॉलर का इनाम रखा था। आखिरकार 02 मई, 2011 को अमेरिका ने अपने सीक्रेट मिशन के तहत पाकिस्तान के एबटाबाद में छिपकर रह रहे लादेन को मार गिराया।

इसके अलावा 11 सितंबर, 1893 की तारीख भी इतिहास में विश्व धर्म सम्मेलन के लिए याद की जाती है। इस सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद ने जैसे ही सिस्टर्स एंड ब्रदर्स ऑफ अमेरिका कहकर अपना भाषण शुरू किया, पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। यह पहला मौका था, जब पश्चिम का सामना पूरब के धर्माचार्य से हो रहा था। उस समय पश्चिमी देशों के सामने भारतीय संस्कृति, अभ्यास और दर्शन नया-नया ही था। विवेकानंद के इस बहुचर्चित भाषण ने भारत की छवि को नया आयाम दिया।

स्वामी विवेकानंद ने अपने भाषण में सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और हिंसा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा था कि सांप्रदायिकता और कट्टरता लंबे समय से धरती को शिकंजे में जकड़े हुए है और इससे धरती पर हिंसा बढ़ गई है। कई बार धरती खून से लाल हुई है। कितनी ही सभ्यताओं का विनाश हुआ है। न जाने कितने देश नष्ट हुए हैं। उन्होंने अपने भाषण में सहनशीलता और सार्वभौमिकता का मसला भी उठाया था।

यह तारीख इसलिए भी याद की जाती है कि 1906 में दक्षिण अफ्रीका की सरकार ने एक नया कानून बनाया। इस कानून में भारतीय मूल के लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया । जोहान्सबर्ग में 11 सितंबर को ही हुई भारतवंशियों की बैठक में इसका विरोध हुआ। इसमें गांधी जी ने विरोध के लिए अहिंसा का इस्तेमाल करने की पैरवी की। यह संघर्ष सात साल चला। दक्षिण अफ्रीका में भी उस समय अंग्रेजों का शासन था और उन्होंने हजारों भारतीयों को हड़ताल, रजिस्ट्रेशन से इनकार करने, रजिस्ट्रेशन कार्ड जलाने और प्रदर्शन करने के लिए जेल भेज दिया था।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1893 : अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद ने सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और हिंसा पर ऐतिहासिक भाषण दिया।

1906 : महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका में सत्याग्रह आरंभ किया।

1919 : अमेरिकी नौसेना ने होंडुरास पर आक्रमण किया।

1922 : आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में सचित्र दैनिक समाचार पत्र द सन न्यूज पेक्टोरियल की शुरुआत।

1939 : इराक और सऊदी अरब ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।

1951 : फ्लोरेंस चैडविक ने इंग्लिश चैनल तैरकर पार किया। उन्हें इंग्लैंड से फ्रांस पहुंचने में 16 घंटे और 19 मिनट लगे। ऐसा करने वाली वह पहली महिला हैं।

1961 : विश्व वन्यजीव कोष की स्थापना।

1968 : एयर फ्रांस का विमान नाइस के निकट दुर्घटनाग्रस्त। हादसे में 89 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों की मौत।

2001: अमेरिका में आतंकवादियों ने विमान अपहरण कर न्यूयार्क के वर्ल्ड ट्रेड टावर की दो इमारतों, वर्जीनिया स्थित पेंटागन और पेन्सिलवेनिया पर हमला किया।

2003 : चीन के विरोध के बावजूद तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश तिब्बत के धार्मिक नेता दलाई लामा से मिले।

2005 : गाजा पट्टी में 38 साल से जारी सैन्य शासन समाप्त करने की घोषणा।

2019 : अमेरिका ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सरगना नूर वली महसूद पर प्रतिबंध लगाया और उसे वैश्विक आतंकवादी करार दिया।

जन्म

1895ः स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और प्रसिद्ध गांधीवादी नेता विनोबा भावे।

1901ः प्रसिद्ध मराठी साहित्यकार आत्माराम रावजी देशपांडे ।

1911ः अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से पहला शतक जमाने वाले क्रिकेटर लाला अमरनाथ।

1919ः आधुनिक काल के प्रसिद्ध हिन्दी और राजस्थानी लेखक कन्हैयालाल सेठिया।

1962ः भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रह्लाद जोशी।

निधन

1921ः तमिल भाषा के महान कवि सुब्रह्मण्य भारती।

1948ः 'मुस्लिम लीग' के अध्यक्ष मुहम्मद अली जिन्ना।

1964ः प्रगतिशील भारतीय कवि गजानन माधव मुक्तिबोध।

1968ः भारतीय सैनिक बाबा हरभजन सिंह।

1973ः बाबा नीम करोली ।

1987ः हिन्दी कवयित्री और हिन्दी साहित्य में छायावादी युग के चार प्रमुख स्तंभों में से एक महादेवी वर्मा ।

1987ः मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नरेशचंद्र सिंह।

2020ः समाज सुधारक और आर्य समाजी स्वामी अग्निवेश।

दिवस

राष्ट्रीय दादा दादी दिवस

यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे

हिन्दुस्थान समाचार/मुकुंद

Loan calculator for Instant Online Loan, Home Loan, Personal Loan, Credit Card Loan, Education loan

Loan Calculator

Amount
Interest Rate
Tenure (in months)

Loan EMI

123

Total Interest Payable

1234

Total Amount

12345