वाराणसी। लोहता क्षेत्र के केराकतपुर स्थित एक लान में गुरूवार को जिला व महानगर समाजवादी पार्टी की बैठक में आगामी नगर निगम, नगर निकाय एवं नगर पालिका परिषद के चुनाव की तैयारी की समीक्षा हुई।
चुनाव के प्रभारीगण विधायक व मुख्य सचेतक विधान मंडल दल उत्तर प्रदेश मनोज पांडेय, विधायक जाहिद बेग व विधायक डॉक्टर आरके वर्मा उपस्थित थे। प्रभारियों ने सपा पार्षद, पूर्व पार्षद, नगर निगम का चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशीगण एवं नगर निगम में सम्मिलित किए गए ग्राम सभाओं के नेताओं के साथ मंत्रणा की गई। बैठक में नगर आयुक्त एवं जिला प्रशासन द्वारा मनमाने ढंग से परिसीमन किए जाने एवं पूर्व के वार्डों को तोड़ कर नए वार्डों को बनाए जाने की शिकायत पार्टी नेताओं द्वारा प्रभारियों से की गई। बैठक के मुख्य अतिथि मनोज पांडेय ने कहा कि जिस साथी को भी नगर निगम का चुनाव लड़ना हो वह अपने वार्ड में घर-घर जाकर सपा की नीतियों व भाजपा की कुनीतियों जैसे महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महिला अपराधों के बारे में बताएं। आगामी नगर निगम चुनाव समाजवादी पार्टी पूरी ताकत से लड़ेगी। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 37 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिला था। जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। बढ़ती हुई महंगाई के कारण वर्तमान भाजपा सरकार से जनता का मोहभंग हो गया है और बड़ी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।

विशिष्ट अतिथि व भदोही के विधायक जाहिद बेग ने कहा कि नगर निगम चुनाव में यही पर रहकर पार्टी प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने का काम करूंगा। वाराणसी प्रधानमंत्री का क्षेत्र है इसलिए यहां पूरी मजबूती के साथ दमखम के साथ चुनाव लड़ना होगा। विधायक आरके वर्मा ने कहा कि वाराणसी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री मोदीजी ने बनारस को क्योटो बनाने का वादा किया गया था। लेकिन यहां क्योटो की जगह लूटो नीति पर काम चल रहा है। आम जनता महंगाई से त्रस्त है। समीक्षा बैठक मे आए प्रभारीओ का स्वागत जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ पहलवान ने किया। अभिनंदन महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने किया। संचालन जिला महासचिव आनंद मौर्य व धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने किया।
बैठक में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा, पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी, पूर्व मंत्री डॉ. बहादुर सिंह यादव, रीबू श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष आत्माराम यादव, पूर्व प्रत्याशी विधानसभा किशन दिक्षित, अशफाक अहमद डब्लू, श्रीमती पूजा यादव, डॉ. उमाशंकर यादव, डॉक्टर ओपी सिंह, हीरालाल मौर्य, उमेश प्रधान, उमाकांत त्रिपाठी, अजय चौधरी, दिलीप कश्यप, संजय यादव चाचू, समीम अंसारी, वरुण सिंह, सत्य प्रकाश सोनकर, हरीश नारायण सिंह, डब्लू मौर्य, हारुन अंसारी, हर्ष राजभर आदि ने विचार व्यक्त किये।