सत्ता का सेमीफाइनल: बिलासपुर की जनता बोली- 1 रुपये में 8 आना पॉकेट में डालते हैं नेता

यहां की सबसे बड़ी समस्या सीवरेज की
बहस में शामिल जनता ने कहा- सीवरेज के कारण यहां हर जगह धूल और गड्ढे हैं। हर चीज में यहां भ्रष्टाचार है। सरकार के नियमों से हमें दिक्कत है। सीवरेज के काम के कारण बहुत दिक्कतें आती हैं। हर तरफ धूल उड़ी रहती है। जनता बहुत तकलीफ में है, सड़कों को खोदा जा रहा है, चलने फिरने में दिक्कत आती है।
इतने साल भाजपा को देखा है अब कांग्रेस को देखेंगे। सच्चाई ये है कि जो सरकार आती है भाजपा हो या कांग्रेस, थोड़ा काम करते हैं और फिर काम बंद कर देते हैं। काम करते हैं तो 1 रुपये में 8 आना काम करते हैं 8 आना पॉकेट में डालते हैं। नेता अपनी मनमानी करते हैं।
भाजपा का जवाब
इस पर भाजपा प्रवक्ता बेनी प्रसाद गुप्ता ने कहा- जब भी बड़ा काम होता है तो दिक्कत आती है, सड़कों पर गड्ढा होता है, धूल उड़ती है, लेकिन फिर उसी पर गगनचुंबी इमारत खड़ी होती है। ये बहुत अच्छा बने इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसे लेकर जनता त्रस्त नहीं है।
उन्होंने कहा- यहां भाजपा का मेयर है, विधायक है, वार्डों में भाजपा पार्षद है। ये सबूत है कि लोगों काो हम पर विश्वास है। किसी भी शहर को आगे बढ़ाने में समय लगता है। नेशनल हाईवे है यहां। शिक्षा के क्षेत्र में हमने काम किया है। अरपा नदीं पर प्रोजेक्ट बना है, काम चल रहा है।
कांग्रेस का पक्ष
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र बोलर ने कहा- सीवरेज प्रोजेक्ट के कारण लोगों को दमा जैसी कई बीमारियां हो गई हैं। सब परेशान हैं। अगर हमारी सरकार आती है तो सबसे पहले जांच करेंगे कि काम में कितना भ्रष्टाचार हुआ है। चार भागों में सीवरेज का काम होना था लेकिन एक भाग भी नहीं हुआ। सब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। यहां बारिश होती है तो बिलासपुर में अंधेरा हो जाता है। विधायक ने कुछ नहीं किया।