Karnataka : येदियुरप्पा की सफाई, Congress-JDS सरकार गिराने में BJP शामिल नहीं
![कर्नाटक : येदियुरप्पा की सफाई, कांग्रेस-जदएस सरकार गिराने में भाजपा शामिल नहीं BJP does not include any campaign to demolish Congress-JDS government in karnataka said Yeddyurappa](https://spiderimg.amarujala.com/assets/images/2018/05/20/750x506/karnataka_1526824750.jpeg)
कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी का कोई भी सदस्य कांग्रेस-जदएस गठबंधन सरकार को गिराने के किसी अभियान में शामिल नहीं है। कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस-जदएस गठबंधन और भाजपा के बीच जारी शक्ति संघर्ष में दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा "मुंबई में मौजूद गठबंधन के विधायकों से भाजपा का कुछ लेना-देना नहीं है।" उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और जदएस अपने समूह को एकजुट रखने में अपनी "विफलता और अक्षमता" को छिपाने के लिए उन पर दोष मढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, कांग्रेस-जदएस विधायकों को लुभाने या किसी तरह के ऑपरेशन में भाजपा की ओर से कोई भी शामिल नहीं है। येदियुरप्पा ने कहा कि हमने अपने सभी विधायकों को एक स्थान पर एकत्र कर पिछले-दो तीन दिनों में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। आज सभी वापस आ रहे हैं। पत्रकारों से यहां बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे संविधान की बात कर रहे हैं, लेकिन सभी जानते हैं कि 1960 से वे इससे कैसे खिलवाड़ करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं समझ पा रहा कि अगर हम अपने विधायकों को इकट्ठा करते हैं तो उन्हें क्यों डर लगता है। कांग्रेस और जदएस में आंतरिक संघर्ष काबू से बाहर है, अपनी आंतरिक लड़ाई पर पर्दा डालने के लिए उन्हें भाजपा पर दोष नहीं मढ़ना चाहिए। पिछले कुछ दिनों से अपने 104 विधायकों के साथ नई दिल्ली और गुरुग्राम में रह रहे येदियुरप्पा तुमकुरु जिले में स्थित सिद्धगंगा मठ के प्रमुख 111 वर्षीय शिवकुमार स्वामीजी के दर्शन करने के लिए शहर वापस आए। कांग्रेस-जदएस नेताओं द्वारा कुछ भाजपा विधायकों के संपर्क में होने के दावे पर येदियुरप्पा ने कहा कि हम सब एकजुट हैं।