
कानपुर निराला नगर मैदान में हुए बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में बुधवार को भाजपा ने मंदिर मुद्दे को लेकर हुंकार भरी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तो यहां तक कह दिया कि अयोध्या में बाबर के नाम पर अब एक ईंट भी नहीं रखने देंगे। अयोध्या में सिर्फ श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण होगा। उनकी कृपा से वह दिन बहुत जल्द आने वाला है। कहा, अयोध्या में अविवादित 67 एकड़ भूमि श्रीराम जन्म भूमि न्यास को वापस किए जाने संबंधी आवेदन सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किए जाने पर केंद्र सरकार के प्रयास का स्वागत करते हैं।

मौर्य ने सरकारी तंत्र पर भी तंज कसा। बोले, दफ्तरों में जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही। अफसर सपाई और बसपाई मानसिकता से अभी तक उबर नहीं पाए हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने क्षेत्र के भ्रष्ट अफसरों की सूची बनाएं और तथ्य जुटाएं। चुनाव के बाद सूची उनके कार्यालय में पहुंचा दें। सरकार ऐसे अफसरों को काम करना सिखाएगी।

मौर्य ने सपा शासनकाल पर तंज कसा। बोले, सैफई महोत्सव करवाने वालों ने कभी कुंभ जैसा दिव्य आयोजन नहीं करवाया।

उन्होंने कहा कि नाच देखने वाले कुंभ की भव्यता और दिव्यता क्या जानें। ऐसे लोगों को अयोध्या महोत्सव, चित्रकूट महोत्सव जैसे आयोजनों से कोई मतलब नहीं।