Congress के सभी पूर्व सांसदों ने सर्वसम्मति से Sheela के नेतृत्व में आस्था जताई
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी हैं और उन्हें सफलता भी मिल रही है। बृहस्पतिवार को शीला दीक्षित के साथ कांग्रेस के सभी पूर्व सांसदों की बैठक हुई। सभी ने सर्वसम्मति से शीला के नेतृत्व में आस्था व विश्वास जताया। सभी ने कहा कि एकजुटता से ही एक बार फिर सातों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराएगा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित के साथ कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसूफ, राजेश लिलौथिया, पूर्व सांसद जनार्दन द्विवेदी, जय प्रकाश अग्रवाल, चौ. तारीफ सिंह, महाबल मिश्रा, रमेश कुमार, जेके जैन, पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत गोस्वामी, जितेंद्र कुमार कोचर मौजूद रहे। दीक्षित ने भाजपा सांसदों की अकर्मण्यता और दिल्लीवासियों के प्रति उदासीनता की कांग्रेस के पूर्व सांसदों के साथ चर्चा की। सभी पूर्व सांसदों ने भावी लोकसभा चुनावों के लिए अपने विचार प्रस्तुत किए। इस पर गहन विचार विमर्श हुआ। यह तय किया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मार्ग दर्शन में एकजुटता के साथ चुनावी समर में उतरा जाएगा। दीक्षित ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में भाजपा शासन के दौरान दिल्ली जहां थी, वहीं खड़ी है। विकास की गति थमी हुई है। भाजपा सांसदों ने दिल्ली की समस्याओं की तरफ कोई ध्यान नही दिया। ऐसे में वे जनता के बीच जाएं और उनको कांग्रेस की नीतियों और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी के जनहितकारी विचारों से अवगत कराएं।