Bengal में वामदलों की बैठक आज, Congress के साथ चुनाव लड़ने पर हो सकता है अंतिम फैसला

देश में अगली सरकार के बनने में भूमिका को लेकर पश्चिम बंगाल को बहुत महत्त्वपूर्ण नजर से देखा जा रहा है। उत्तर भारत में पार्टी के संभावित नुकसान को देखते हुए भाजपा भी इस बार यहां पूरा दमखम लगा रही है। पार्टी इस बार पश्चिम बंगाल में बड़ी सफलता हासिल करने का दावा कर रही है। वहीं, विपक्षी खेमे में ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल को अपना गढ़ बता रही हैं और विपक्षी दलों के साथ ज्यादा सीटें साझा करने को लेकर बहुत सकारात्मक नहीं बताई जा रही हैं।
पिछले लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने यहां पर बड़ी सफलता हासिल की थी। उसने कुल 42 सीटों में से 34 पर जीत हासिल की थी। जबकि कांग्रेस छः सीटों से घटकर चार पर आ गई थी। वाम दलों को यहां से महज दो सीटों पर सफलता मिली थी जो इसके पिछले चुनाव से 13 कम था।
वामदलों के लिए सबसे बड़ी चिंता की वजह उसके वोट फीसद में लगभग तेरह फीसदी की कमी आना था जो माना गया कि वह ममता बनर्जी के खाते में जुड़ गया जो पिछले चुनाव की सबसे ज्यादा लाभ पाने वाली पार्टी थी। भाजपा यहां पर दो सीटों पर जीत दर्ज कराने में कामयाब रही थी।