BJP ने अब तक 76 सांसदों पर गिराई गाज, हरियाणा-UP पर माथापच्ची जारी
बीजेपी
लोगों की नाराजगी को दूर करने केलिए भाजपा की अपने वर्तमान सांसदों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक जारी है। इस क्रम में पार्टी अब तक 76 सांसदों को टिकट से वंचित कर चुकी है। इनमें 71 वर्तमान, 4 बागी और एक इस्तीफा देने वाले सांसद शामिल हैं। शुक्रवार को भी 11 उम्मीदवारों की 12वीं सूची में वर्तमान 8 में से 6 सांसद टिकट पाने में नाकाम रहे। लद्दाख सीट से इस्तीफा देने वाले सांसद टी गेवांग की जगह पार्टी ने जेटी नामग्याल को टिकट दिया। पार्टी एक दो दिन में यूपी 17, हरियाणा की 10 और दिल्ली की 5 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करेगी। इनमें भी ज्यादातर सांसद टिकट से वंचित किए जाएंगे। शुक्रवार को पार्टी ने जम्मू कश्मीर की 1, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और राजस्थान की 3-3 और महाराष्ट्र की एक सीट पर उम्मीदवार घोषित किया। इनमें राजस्थान के दो वर्तमान में से एक और महाराष्ट्र केएक वर्तमान सांसद को टिकट नहीं मिला। इसी प्रकार मध्यप्रदेश के तीन में से दो और कर्नाटक के दोनों सांसद टिकट पाने में नाकाम रहे। पार्टी को अब यूपी की 17, हरियाणा की सभी 10, दिल्ली की सात, राजस्थान की 6 और मध्य प्रदेश की 11 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करना है। इन 51 सीटों में से 41 सीटों पर पार्टी के ही सांसद हैं। इनमें यूपी के आधा दर्जन, दिल्ली के दो, हरियाणा केतीन, राजस्थान के 5 सांसदों की ही रिपोर्ट सही है। ऐसे में इन राज्यों में भी कई सांसदों को टिकट से वंचित किया जाना तय है।
हरियाणा-यूपी पर माथापच्ची जारी
यूपी में अब तक 61 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी भाजपा अपने हिस्से की 17 सीटों पर उम्मीदवार तय करने पर माथापच्ची में जुटी है। पार्टी को इनमें से अपने सहयोगी अपना दल केलिए मिर्जापुर के अतिरिक्त एक अन्य सीट चिन्हित करनी है। इसी प्रकार हरियाणा में पार्टी तीन सांसदों का टिकट काटेगी। इसके अलावा विपक्ष की तीन सीटों पर भी उसे उम्मीदवार तय करना है। यहां पार्टी के पास नए चेहरे तो हैं, मगर इनकेलिए सीटें चिन्हित किए जाने पर माथापच्ची जारी है।