BJP की ओर से Ravi Kishan उतरेंगे चुनावी मैदान में, 'निरहुआ' इस सीट से लड़ सकते हैं चुनाव
रवि किशन और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ'
फिल्म अभिनेता और भाजपा नेता रवि किशन शुक्ला 2019 के लोकसभा चुनाव में खड़े होने की तैयारी कर चुके हैं। बुधवार को रवि किशन ने भाजपा के तरफ से चुनाव लड़ने का एलान किया। लेकिन अभी चुनाव कौन सी लोकसभा सीट से लड़ेंगे यह भारतीय जनता पार्टी ही तय करेगी। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से निकल कर फिल्मी जगत में अपनी धाक जमाने वाले अभिनेता रवि किशन ने भाजपा का दामन थाम लिया है। यूं तो रवि किशन के राजनीतिक पारी की शुरुआत 2014 के लोकसभा चुनाव के वक्त ही हो गई थी। 2014 में रवि किशन कांग्रेस की तरफ से अपने गृह जनपद जौनपुर की लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थें।
2014 में जौनपुर सीट पर भाजपा ने वर्तमान सांसद केपी सिंह को उतारा था। लगभग 3.60 लाख वोटों के साथ केपी सिंह पहले स्थान पर रहे। जबकि सपा दूसरे स्थान पर, तीसरे पायदान पर बसपा और चौथे नंबर पर निर्दलीय पार्टी से धनंजय सिंह थे। रवि किशन 42 हजार 759 वोटों के साथ पांचवे पायदान पर थें।
चुनाव हारने के बाद रवि किशन ने 2017 में कांग्रेस का हाथ छोड़ कर भाजपा का साथ पकड़ लिया। जिसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में रवि किशन फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि रवि किशन को भाजपा गोरखपुर की लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती है।
वहीं, भोजपुरी गायक और अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' भी बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को भाजपा अखिलेश यादव के खिलाफ आजमगढ़ की सीट पर उतार सकती है।
पीएम मोदी के समर्थन में बनी वीडियो फिल्म में रवि किशन ने दी अपनी आवाज
मोदी के समर्थन में बनी वीडियो फिल्म को लांच करते रवि किशन और देवेंद्र फडणवीस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में विडियो फिल्म ‘तू जीत के लिए बना’ बनकर तैयार हो गई है। अभिनेता और भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार रवि किशन की आवाज वाली इस वीडियो फिल्म का लोकार्पण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार रात सीएम आवास पर किया। फिल्म में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों का दृश्य दिखाया गया है।
इसके अलावा रवि किशन ने 'प्रचंड अग्नि ज्वाल हो, अपार शैल माल हो, तू थम नहीं सिहर नहीं, तु राह में ठहर नहीं, ललाट ये रहे तना, तू जीत के लिए बना...' गीत के माध्यम से मोदी के नेतृत्व क्षमता का जिक्र किया है।
इसमें मोदी को अद्भुत प्रधान सेवक और चौकीदार के साथ ही गरीबों का रहनुमा बताया है। शायर कवि वीरेंद्र सिंह वत्स द्वारा लिखित इस गीत को अभिनेता रवि किशन ने आवाज दी है। लोकार्पण समारोह में रवि किशन और महाराष्ट्र के राज्यमंत्री अमरजीत मिश्र भी उपस्थित थे।