BJP की दक्षिण चाल, दिवंगत नेता अनंत कुमार की बेंगलुरु सीट से 'युवा चेहरा' Tejasvi को उतारा
तेजस्वी सूर्य - फोटो : social media
भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार देर रात जारी सूची में कर्नाटक की बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट से 28 वर्षीय एल.एस तेजस्वी सूर्य को मैदान में उतारने की घोषणा की है। यहां तेजस्वी के खिलाफ कांग्रेस के दिग्गज नेता बीके हरिप्रसाद खड़े हो रहे हैं। इससे पहले इस सीट से भाजपा के दिवंगत नेता अनंत कुमार सांसद थे। उनके निधन के बाद से ही यह सीट खाली थी। इस बार अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी को बेंगलुरु दक्षिण से टिकट मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी। प्रदेश भाजपा भी तेजस्विनी को टिकट देने के पक्ष में ही थी, लेकिन घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि आगामी चुनावों के लिए तेजस्विनी का पत्ता कट चुका है।
कर्नाटक में भाजपा के लोकप्रिय चेहरा बन चुके तेजस्वी सूर्य बसावनगुड़ी के विधायक रवि सुब्रमण्यम के भतीजे और भाजपा के प्रदेश युवा मोर्चा के सचिव भी हैं।
सोमवार देर रात भाजपा द्वारा की गई घोषणा के बाद तेजस्वी ने ट्वीट कर के अपनी खुशी और उत्साह जाहिर की। उन्होंने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को धन्यवाद देते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री और सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ने एक 28 वर्षिय युवा पर विश्वास कर के उसे अपने संसदिय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है। ऐसा केवल भाजपा में ही संभव है।
बता दें कि भाजपा ने इसके साथ ही बेंगलुरु ग्रामीण के पूर्व विधायक अश्वत्थ नारायण के नाम की घोषणा की। नारायण इस सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।