बांकेबिहारी के दर्शन कर मथुरा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे CM Yogi
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज भगवान योगीराज की धरती पर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना करेंगे। ठाकुर जी से आशीर्वाद मांगेंगे। इसके बाद मथुरा के सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यूं तो विकास के कई मुद्दों को भी वो जनता के सामने रखेंगे, लेकिन माना जा रहा है कि मथुरा की सभा से पूरे प्रदेश के लिए हिंदुत्व के मुद्दे को धार देंगे।मुख्यमंत्री योगी चुनावी सभा में मथुरा और वृंदावन के साथ गोवर्धन, राधाकुंड, बरसाना, नंदगांव और बलदेव में हुए विकास कार्य तो गिनाएंगे ही, सरकार ने यहां होने वाले आयोजनों को किस तरह से बड़ा स्वरूप दिया है इस बारे में भी जनता को बताया जाएगा।
हिंदुत्व को देंगे धार
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मथुरा की धरती से हिंदुत्व के मुद्दे को धार देंगे। गाय का मुद्दा भी खूब उठेगा। प्रदेश भर में खुलने वाली गोशालाओं को भी गिनाया जाएगा। संतों की धरती के लिए किस तरह स्पेशल पैकेज सरकार ने जारी किए हैं उन पर भी जनता का ध्यान खींचा जाएगा। क्योंकि गठबंधन से मुकाबला है।
लिहाजा राष्ट्रवाद का मुद्दा भी खूब उठना तय माना जा रहा है। जो सरकारी कार्यक्रम जारी हुआ है उसके मुताबिक मुख्यमंत्री वृंदावन में श्री बांकेबिहारी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। भगवान से जीत का आशीर्वाद मांगेंगे। बताया जा रहा है कि करीब बीस मिनट तक मुख्यमंत्री बांकेबिहारी मंदिर में रहेंगे।
वृंदावन में आठ बार आ चुके योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन में आठ बार आ चुके हैं। भगवान की इस नगरी से उन्हें असीम प्रेम है। संतों द्वारा कराए जाने वाले कार्यक्रमों में भी उन्होंने हिस्सा लिया है। अयोध्या में दीपावली मनाने वाले मुख्यमंत्री बरसाना की लठामार होली में भी शामिल हुए थे। गोशालाओं में भी वो जा चुके हैं।