Smriti Irani ने Priyanka Gandhi पर बोला हमला, कहा 'खुद को बता रहीं हैं गंगा मां की बेटी'
स्मृति ईरानी - फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर तीखे प्रहार करके लोगों को मोदी सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। कहा कि देश में विकास की गाड़ी पंचर न हो, इसके लिए नरेंद्र मोदी को फिर ‘प्रधान चौकीदार’ की जिम्मेदारी दें। बोलीं, कि दीदी खाली हाथ नहीं लौटाई जाती, इसलिए भाजपा को विजयश्री का तिलक लगाने का संकल्प लें। कानपुर को रानी लक्ष्मीबाई, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरती बताई और कहा कि कानपुर के उद्योगों के विकास के लिए सिर्फ मोदी और योगी सरकार काम कर रही है। संबोधन में सपा और बसपा को भी समेटा और कहा कि हाथी साइकिल पर चढ़ेगा तो पंचर ही हाथ आएगा। सपा-बसपा गठबंधन को महामिलावट की संज्ञा दुहराई। शास्त्रीनगर स्थित काली मठिया चौराहे पर केंद्रीय मंत्री ईरानी ने भारत माता की जय से भाषण की शुरुआत की।
प्रियंका गांधी का नाम लिए बिना बोलीं कि अब एक बेटी खुद को गंगा मां की बेटी बताने का प्रयास कर रही है। ईरानी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर खूब प्रहार किए। संसद पर हमले से लेकर सैम पेत्रोदा के बयान तक कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया। अमेठी के दृष्टांत सुनाए। उन्होंने कहा कि शहर में मेट्रो का काम और एयरपोर्ट मोदी सरकार में शुरू हुआ। सपा, बसपा, कांग्रेस किसी सरकार ने शहर के लिए कुछ नहीं किया।