EVM दिखाए जाते वक्त चौकन्ना रहें, BJP पर भरोसा नहीं :Sharad Pawar
सांकेतिक तस्वीर
ईवीएम के साथ छेड़छाड़ के आरोपों के बीच राकांपा प्रमुख शरद पवार ने अपनी पार्टी कार्यकर्ताओं से इस मामले में सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से कहा है कि मतदान वाले दिन ईवीएम दिखाए जाते वक्त बेहद चौकन्ना रहें क्योंकि भाजपा पर किसी सूरत में भरोसा नहीं किया जा सकता है।राकांपा अध्यक्ष ने महाराष्ट्र के बीड़ जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाजपा पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। ऐसे में मतदान वाले दिन आप सब सुबह ही मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएं और देखें कि मतदान सही तरीके से हो रहा है या नहीं।’’
बता दें कि कई विपक्षी दल यह आरोप लगाते रहे हैं कि ईवीएम से छेड़छाड़ संभव है। इन दलों ने चुनाव आयोग से फिर से मतपत्रों के जरिये मतदान कराये जाने की मांग की है। पिछले महीने भी अनेक विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं ने नई दिल्ली में ईवीएम से कथित छेड़छाड़ के मुद्दे पर चर्चा की थी।