Live: Meerut में चुनावी पिच पर उतरे PM Modi, कहा 'बारी-बारी से सबका हिसाब होगा'
नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यूपी की क्रांतिधरा मेरठ से लोकसभा चुनाव 2019 के चुनावी रैली का शंखनाद करने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा 2019 का चुनाव क्रांतिधरा से शुरू करने के पीछे एक वजह है। उन्होंने कहा कि 1857 में इसी जगह से स्वतंत्रता का बिगुल बजा। उन्होंने पुलवामा हमले में शहीद हूए बसा टीकरी के लाल अजय कुमार को मंच से ही श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने चौधरी चरणसिंह को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि मैने जो काम किया है उसका हिसाब भी दूंगा। अपना हिसाब दूंगा और दूसरों का हिसाब भी लूंगा। ये दोनों काम साथ साथ चलने वाले हैं। एक तरफ दमदार चौकीदार है जालसाजी वंशवाद है दागदारों की भरमार है।
प्रधानमंत्री का हेलिकॉप्टर उन्हें लेकर 11 :45 पर रैली स्थल के हेलीपैड पर उतरा जहां से पीएम मोदी मंच पर पहुंचे। मेरठ में एनएच-58 स्थित सिवाया टोल प्लाजा के पास मैदान में इस रैली का आयोजन किया जा रहा है। मेरठ की इस रैली से नरेंद्र मोदी पूरे पश्चिम को साधने की कवायद करेंगे। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कृषि विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरने के बाद रैली स्थल पहुंचे।
पीएम मोदी के रैलीस्थल पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों ने जोर-शोर से उनका स्वागत किया। वहीं बताया जा रहा है कि रैली का आयोजन खुले मैदान में हो रहा है। इसलिए तेज धूप के कारण एक महिला इस दौरान बेहोश हो गई। महिला को उपचार के लिए ले जाया गया।
सीएम योगी ने मेरठ से रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारें सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य करती थीं लेकिन मौजूदा सरकार ने आतंकवाद की कमर तोड़कर भारत की सामरिक शक्ति को मजबूत किया है। अवैध बूचड़खानों में यहां गोवंश को काटने का काम होता था हमने सरकार में आते ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यह भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता है कि बालाकोट में दुनिया के सामने भारत के पराक्रम का लोहा मनवाया है। उन्होंने मंच से उत्तर प्रदेश 74 पार, मोदी है तो मुमकिन है के नारे भी लगवाकर अपना भाषण समाप्त किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ की जनता को संबोधित करने के लिए आए।
पीएम मोदी की यह पहली चुनावी रैली है और इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई बड़े दिग्गज नेता मंच पर पहुंच चुके हैं। इनमें भाजपा अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडे भी शामिल हैं। गौरतलब है कि पश्चिमी यूपी में 11 अप्रैल को प्रथम चरण का मतदान होना है।
पीएम मोदी की यह रैली बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि मेरठ को बीजेपी का गढ़ माना जाता है और पिछले चुनाव में भी नरेंद्र मोदी ने यहीं से चुनावी रैली की शुरुआत की थी। इस रैली के बाद भाजपा को तगड़ी जीत हासिल हुई थी लेकिन इस बार रैली स्थल को बदल दिया गया है और अब शिवाया टोल प्लाजा के नजदीक इस रैली का आयोजन किया जा रहा है।
इस स्थाना पर भीड़ जुटाना कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। हालांकि सुबह से ही समर्थक जोश के साथ रैली स्थल की ओर जाते दिखाई दिए वहीं 'मै भी चौकीदार' अभियान की धूम भी रैलीस्थल पर नजर आ रही है। वहीं रैली स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रैली क्षेत्र को एसपीजी ने अपने कब्जे में ले रखा है। रैली स्थल को एक अभेद् किले में तब्दील किया गया है। रैली के कारण हाईवे एनएच-58 को भी सुबह छह से दो बजे तक बंद रखा गया है।
उम्मीद जताई जा रही है कि इस रैली से मोदी मेरठ व मुजफ्फरनगर लोकसभा दो सीटों को साधने की कोशिश करेंगे। यही कारण है कि इस रैली का आयोजन ऐसी जगह किया जा रहा है जो इन दोनों सीटों को आपस में जोड़ती है। किसानों की बेल्ट पर जमीनी मुद्दों की वह चर्चा कर सकते हैं। जाहिर है इससे पश्चिम में सियासी रुख को एक नई करवट मिलेगी। पीएम मोदी की इस रैली पर तमाम राजनीतिक दलों की नजरें गढ़ी हुई हैं। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री रैली के माध्यम से पश्चिम के किसानों, विकास और शिक्षा व रोजगार जैसे मुद्दों पर बात कर सकते हैं। हालांकि नरेंद्र मोदी इससे पहले दो बार मेरठ आ चुके हैं। पहली दोनों ही रैलियों में भारी भीड़ जुटी थी लेकिन इस बार यह रैली काफी छोटी नजर आ रही है।