Lok Sabha : Akhilesh, Maya व Ajit की होंगी 11 साझा रैलियां, 7 अप्रैल को देवबंद से शुरुआत
अखिलेश यादव, मायावती और अजित सिंह
गठबंधन प्रत्याशियों की जीत के लिए अखिलेश, मायावती और चौधरी अजित सिंह प्रदेश में 11 साझा रैलियां करेंगे। रैलियों की शुरुआत 7 अप्रैल को देवबंद से होगी और अंतिम साझा सभा 16 मई को वाराणसी में करने का फैसला किया गया है। सभी सभाओं में आसपास के लोकसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों और नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। इसके अलावा ये नेता अलग-अलग सपा, बसपा और रालोद के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। खास बात यह है कि बसपा सुप्रीमों मायावती 19 अप्रैल को अपने सबसे बड़े सियासी दुश्मन मलायम सिंह के लिए वोट मांगने मैनपुरी जाएंगी। वैसे तो नेता जी मायावती की मैनपुरी में सभा कराए जाने पर नाराज बताए जा रहे हैं। पर, यह देखना दिलचस्प होगा कि अब जब अखिलेश के साथ मायवती की मैनपुरी में साझा रैली तय हो चुकी है तो वह अपने सबसे बड़े सियासी शत्रु के लिए किस तरह वोट मांगती हैं। मुलायम सिंह प्रत्याशी के तौर पर मायावती के साथ मंच साझा करते हैं या नहीं। इस बीच, सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि साझा रैलियों के लिए समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता, पदाधिकारी, विधायक, सांसद सभी एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। सभी का एक ही लक्ष्य है कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को इस बार दिल्ली न पहुंचने दिया जाए।
योगी के गढ़ में 13 मई को दहाड़ेंगे माया व अखिलेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में गठबंधन के नेता मायावती, अखिलेश और चौधरी अजित सिंह 13 मई को दहाड़ेंगे। इसमें गोरखपुर, महाराजगंज और कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता आएंगे। अंतिम साझा रैली 16 मई को वाराणसी में होगी। जिसमें वाराणसी के अलावा, चंदौली, मिर्जापुर, राबर्ट्सगंज हिस्सा लेंगे।
नवरात्र से शुरुआत
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव चौधरी ने बताया कि नवरात्र के शुभ दिनों में 7 अप्रैल से प्रारम्भ संयुक्त रैलियों का सिलसिला 16 मई तक चलेगा। सभी रैलियों में तीनों ही दलों की प्रचार सामग्री तथा झंडे में इन दलों के नेताओं के चित्र तथा चुनाव चिह्नों का संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया जाएगा।
कब कहां होंगी रैली
चौधरी के अनुसार, 7 अप्रैल को देवबंद में होने वाली संयुक्त रैली में सहारनपुर, कैराना, बिजनौर और मुजफ्फरनगर जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। बदायूं में 13 अप्रैल को रैली में बदायूं लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता जुटेंगे। आगरा में 16 अप्रैल को होने वाली रैली में आगरा के साथ फतेहपुर सीकरी, मथुरा लोकसभा क्षेत्रों के लोग आएंगे। रामपुर में 20 अप्रैल की रैली में मुरादाबाद, रामपुर और संभल लोकसभा क्षेत्र भागीदारी करेंगे। इसी दिन 20 अप्रैल को ही फिरोजाबाद में फिरोजाबाद संसदीय क्षेत्र की रैली होगी।
कन्नौज में 25 अप्रैल को रैली
कन्नौज में गठबंधन की संयुक्त रैली 25 अप्रैल को होगी। फैजाबाद में 1 मई को होने वाली संयुक्त रैली में बाराबंकी, फैजाबाद और बहराइच लोकसभा क्षेत्रों के लोग आएंगे। आजमगढ़ में 8 मई को होने वाली रैली में आजमगढ़ के अलावा लालगंज लोकसभा क्षेत्र के लोग भी हिस्सा लेंगे।
एसपी बसपी की संयुक्त विशाल रैलियां
7 अप्रैल -देवबंद
13 अप्रैल-बदायूं
16 अप्रैल-आगरा
19 अप्रैल-मैनपुरी
20 अप्रैल-रामपुर,फिरोजाबाद
25 अप्रैल-कन्नौज
1 मई-फैजाबाद
8 मई -आजमगढ़
13 मई-गोरखपुर
16 मई - वाराणसी