पहले चरण के लिए नामांकन का आखिरी दिन, Nitin Gadkari, Raj Babber और हेमा मालिनी समेत कई दिग्गज भरेंगे पर्चा
Election Shedule
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। पहले चरण में उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, पश्चिम बंगाल समेत 20 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होगा। आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर और बॉलीवुड अभिनेत्री रही भाजपा नेता हेमा मालिनी समेत कई दिग्गज नेता नामांकन दाखिल करेंगे। राजबब्बर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस उम्मीदवार हैं। उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट से हेमा मालिनी, जबकि महाराष्ट्र की नागपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भाजपा की ओर से उम्मीदवार हैं। अंतिम दिन नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर तीन बजे तक होगी। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कई जगहों पर नामांकन कक्ष की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 18 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। प्रमुख राजनीतिक दलों, क्षेत्रीय दलों के प्रत्याशियों के अलावा कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों ने सोमवार से पहले ही नामांकन दाखिल कर दिया था, जबकि आज कई दिग्गज पर्चा दाखिल करेंगे।