राजस्थान में गरीबी पर कांग्रेस ने की Surgical Strike : Rahul Gandhi

राहुल ने कहा कि यूपीए सरकार ने मनरेगा, खाद्य सुरक्षा और कर्ज माफी जैसी योजनाएं लागू कीं, लेकिन मोदी ने सभी को खत्म कर दिया। पीएम मनरेगा को समझने में विफल रहे। उनके राज में गरीबी और बेरोजगारी बढ़ी है। नोटबंदी और जीएसटी जैसे कदमों ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया। नोटबंदी के जरिये काला धन रखने वालों की मदद की गई। राहुल ने वादा किया कि सरकार बनने पर कांग्रेस किसानों की रक्षा और युवाओं को रोजगार देने पर ध्यान देगी। सूरतगढ़ के बाद राहुल ने बूंदी में भी रैली को संबोधित किया।
महिलाओं के खाते में डाला जाएगा पैसा: सुरजेवाला
कांग्रेस ने न्यूनतम आय योजना को लेकर भाजपा नेताओं पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के सभी 20 फीसदी सबसे गरीब परिवारों को सालाना 72 हजार रुपये मिलेंगे। यह योजना महिला केंद्रित होगी और इसके तहत पैसा परिवार की गृहिणी के खाते में ही जमा कराया जाएगा। इसके साथ ही गरीबों को दूसरी अन्य योजनाओं से मिलने वाली राशि बंद नहीं की जाएगी, बल्कि अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ाकर न्याय योजना को लागू किया जाएगा। सुरजेवाला ने कहा कि पीएम मोदी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह गरीबी पर वार करने वाले इस प्रस्तावित कदम के पक्षधर हैं या इसके विरोधी? क्योंकि उनके कई मंत्री इसका विरोध कर रहे हैं।