Agra लोकसभा सीट के Election परिणाम आने में हो सकती है देरी, यह है वजह
लोकसभा चुनाव 2019
आगरा उत्तर विधानसभा पर होने वाले उपचुनाव की वजह से 23 मई को आगरा लोकसभा क्षेत्र का परिणाम होने में देरी होगी। क्योंकि उसी दिन उसी टेबल पर लोकसभा चुनाव के वोटों की गिनती कराने के साथ ही उपचुनाव की मतगणना भी कराने की तैयारी है। इस संबंध में कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसे चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। आयोग की हरी झंडी मिलने के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के लिए 18 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ। 23 मई को दोनों लोकसभा क्षेत्रों की फिरोजाबाद स्थित मंडी समिति में मतगणना होनी है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र का परिणाम आगरा लोकसभा क्षेत्र से पहले आ जाएगा। दरअसल, आगरा लोकसभा क्षेत्र के एक विधानसभा क्षेत्र (जलेसर) की मतगणना एटा में होगी। इसका परिणाम वहीं से आएगा। इसके अलावा इस लोकसभा क्षेत्र के उत्तर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की मतगणना भी इसी के साथ होगी। दोनों के वोटों की गिनती एक साथ होने से आगरा लोकसभा क्षेत्र का परिणाम आने में देरी होगी। बता दें कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव 19 मई को होगा।
हर विधानसभा क्षेत्र के लिए लगेंगी 14 टेबल
लोकसभा चुनाव के वोटों की गिनती विधानसभावार होगी। इसके लिए विधानसभावार अलग-अलग टेबल लगाई जाएंगी। हर विधानसभा के वोटों की गिनती के लिए 14 टेबल मतगणना कर्मियों की और एक आरओ (रिटर्निंग आफीसर) की टेबल होगी।
इस तरह से हर विधानसभा के वोटों की गिनती के लिए 15 टेबल लगाई जाएंगी। 14 टेबल पर राउंडवार गिनती होगी। दोनों लोकसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग विधानसभावार 9 पंडाल लगेंगे। जलेसर के वोटों की गिनती एटा में होगी।
उत्तर के लिए यह होगी व्यवस्था
19 मई को होने वाले उत्तर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के बाद ईवीएम मंडी समिति में ही रखी जाएंगी। 23 मई को मतगणना के लिए उत्तर विधानसभा का अलग से पंडाल होगा। अन्य विधानसभा क्षेत्रों की तरह से इस विधानसभा क्षेत्र के वोटों की गिनती के लिए भी 14 टेबल होंगी।
इसमें से सात टेबल पर उपचुनाव के वोटों की गिनती और सात पर लोकसभा चुनाव के वोटों की गिनती होगी। इससे इस विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा का परिणाम बाद में आएगा। उपचुनाव के लिए 18 मई को पोलिंग पार्टियां मंडी समिति से ही रवाना होंगी। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 438 बूथों पर मतदान होगा।