पहले Akhilesh के खिलाफ 'Nirahauwa' को उतारा, अब इस सीट पर नए चेहरे पर दांव लगा सकती है BJP
प्रतीकात्मक तस्वीर
उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ सीट पर भाजपा ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के खिलाफ दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को उतारा है, लेकिन अभी आजमगढ़ की एक और सीट पर दांव लगाना बाकी है। लालगंज सीट पर भाजपा बहुत संभल कर दांव लगाना चाहती है। सपा-बसपा गठबंधन में बसपा ने लालगंज की सुरक्षित सीट पर नए चेहरे संगीता आजाद को उतारा है, शायद यही देखते हुए भाजपा भी नए उम्मीदवार पर दांव लगा सकती है। मतदाताओं की नाराजगी दूर करने के लिए भाजपा सूबे में अभी तक 13 मौजूदा सांसदों के टिकट काट चुकी है। ये फेहरिस्त और लंबी होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि टिकट के लिए सीटिंग सांसद नीलम सोनकर का दावा भी कमजोर नहीं है। इसके अलावा यहां से मंजू सरोज और दरोगा सरोज के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं।
फिलहाल लालगंज सुरक्षित सीट भाजपा की सांसद नीलम सोनकर की हैं और वर्तमान लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा से टिकट की प्रबल दावेदार भी वही हैं। लालगंज सीट से प्रत्याशी की घोषणा में हो रही देर कई कयासों को जन्म दे रही है। माना जा रहा है कि पार्टी यहां से नए चेहरे पर भी दांव लगा सकती है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं।
सांसद नीलम सोनकर के साथ मंजू और दरोगा सरोज भी जता रहे दावेदारी
नीलम सोनकर - फोटो : self
भाजपा से लालगंज सीट से नीलम सोनकर के अलावा टिकट के अन्य दावेदारों में पूर्व सांसद दरोगा सरोज का नाम भी प्रमुखता के साथ लिया जा रहा है। दरोगा सरोज इस सीट से दो बार सपा के टिकट पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पूर्व सांसद रमाकांत के साथ दरोगा सरोज ने भी भाजपा का दामन थामा था।
पार्टी ने दरोगा को 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में लालगंज से प्रत्याशी भी बनाया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, पिछले विधानसभा चुनाव में मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र से करीबी मुकाबले में हारी भासपा नेता मंजू सरोज की भी भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रही है।
विधानसभा चुनाव से पहले वो भाजपा में ही थीं। पार्टी सूत्रों की मानें तो क्षेत्र में विरोध नीलम सोनकर के टिकट में बाधा बन रहा है। ऐसे में उनका टिकट कटने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि अभी वो दौड़ में बनी हुई है।
इस संबंध में जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने बताया कि पार्टी की ओर से जल्द ही लालगंज सीट से टिकट फाइनल किया जाएगा। दावेदारों में नीलम सोनकर के साथ अन्य लोग भी शामिल है। फैसला हाईकमान को करना है।