Akhilesh के खिलाफ मैदान में उतरे 'जुबली स्टार', फिल्मों से राजनीति में 'Nirahuwa' ने ऐसे मारी एंट्री

भोजपुरी गायक से अभिनेता बने दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने लोकसभा चुनाव 2019 में अपनी राजनीतिक पारी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के एक छोटे से गांव टंडवा में दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' का जन्म 2 फरवरी 1979 में हुआ था। भोजपुरी गायकी से लेकर फिल्मों तक का सफर काफी संघर्ष भरा रहा है। जानें आगे की स्लाइड्स में...

दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' का बचपन कोलकाता के बेलघोरिया में बीता है। 'निरहुआ' के पिता स्व. कुमार यादव कोलकाता में कम पैसों में घर चलाते थे। इसी संघर्षों के बीच 'निरहुआ' ने अपनी पढ़ाई कोलकाता से पूरी की। इसके बाद अपने चचेरे भाई बिरहा सम्राट विजय लाल यादव और प्यारे लाल यादव (कवि जी) के साथ मिलकर भोजपुरी गीतों की दुनिया में कदम रखा।

2004 में दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' का पहला भोजपुरी गीतों का एक एलबम रिलीज हुआ था, जिसका नाम था 'निरहुआ सटल रहे'। उस वक्त दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के गीतों ने भोजपुरी गीतों की दुनिया में एक नई इबारत लिख दी थी।

2008 में बतौर मुख्य किरदार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' की पहली फिल्म 'निरहुआ रिक्शावाला' ने भोजपुरी बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी। इसके बाद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने एक के बाद एक कई हिट फिल्में दी। जिसमें निरहुआ हिंदुस्तानी के तीन स्वीकल शामिल हैं। साथ ही पटना से पाकिस्तान, बम-बम बोल रहा है, काशी और बॉर्डर जैसी हिट फिल्में की।

दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' आज भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का एक बड़ा नाम हैं। 'निरहुआ' को 'जुबली स्टार' के नाम से भी फिल्म इंडस्ट्री में जाना जाता है। दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' 2012 में बिग बॉस के सीजन छह में भी हिस्सा ले चुके हैं।
उत्तर प्रदेश और बिहार में प्रसिद्ध दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' 27 मार्च को भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद तीन अप्रैल को भाजपा ने दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने आजमगढ़ सीट से चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर दी। 
दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को उत्तर प्रदेश सरकार यश भारती से भी सम्मानित कर चुकी है। भाजपा में शामिल होने के बाद निरहुआ ने आजमगढ़ से प्रत्याशी घोषित होने से पहले ही वाई प्लस सुरक्षा के लिए डीएम ओर एसपी को पत्र लिखा था। इसके बाद 29 मार्च को दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को वाई प्लस सुरक्षा दी गई।