लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण में देश की 51 सीटों पर आज वोटिंग होगी। इन सीटों पर भाग्य आजमा रहे 673 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करीब दो करोड़ 47 लाख मतदाता करेंगे। पांचवें चरण में लखनऊ समेत यूपी की 14 सीटों पर मतदान होगा। लखनऊ के अलावा अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, धौरहरा, मोहनलालगंज, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, केसरगंज, फैजाबाद, बहराइच और गोंडा की सीट पर 181 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।
यूपी के अलावा बिहार की 5 सीटों पर 82, जम्मू-कश्मीर की 2 सीटों पर 22, मध्य प्रदेश की 7 सीटों पर 110, राजस्थान की 12 सीटों पर 134, झारखंड की 4 सीटों पर 61 और पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर 83 उम्मीदवारों की परीक्षा होगी।
पिछले चरणों के मुकाबले इस बार सबसे ज्यादा 12 फीसदी महिला उम्मीदवार भी मैदान में हैं। 51 में से 20 सीटों को रेड अलर्ट जोन में रखा गया है यानी इन पर किस्मत आजमा रहे 3 या उससे अधिक उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पांचवें चरण के साथ ही लोकसभा की 425 सीटों के लिए मतदान पूरा हो जाएगा। शेष बची 118 सीटों पर अगले दो चरण में मतदान होगा।
ये दिग्गज मैदान में
राजनाथ सिंह (लखनऊ), सोनिया गांधी (रायबरेली), राहुल गांधी (अमेठी), स्मृति ईरानी (अमेठी), पूनम सिन्हा (लखनऊ), जयंत सिन्हा (हजारीबाग), राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (जयपुर ग्रामीण), कृष्णा पूनिया (जयपुर ग्रामीण), अर्जुनराम मेघवाल (बीकानेर)।
भाजपा ने 51 में से जीती थीं 39 सीटें
पिछले चुनाव में भाजपा ने इन 51 सीटों में से 39 पर जीत दर्ज की थी। भाजपा ने यूपी की 14 में से 12, राजस्थान की 12 में से 12, मध्यप्रदेश की 7 में से 7, बिहार की 5 में से 3, झारखंड की 4 में से 4 और जम्मू-कश्मीर की 2 में से 1 सीटों पर जीत हासिल की थी।
राजा भैया समेत आठ नजरबंद
प्रतापगढ़ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया समेत आठ प्रभावशाली लोगों को वोटिंग के दिन नजरबंद करने का फैसला किया है। राजा भैया के साथ बाबागंज विधायक विनोद सरोज, सपा नेता गुलशन यादव, सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव पर भी कार्रवाई की गई है। ये लोग सिर्फ वोट देने बूथ तक जाएंगे।