कांग्रेस के सर्जिकल स्ट्राइक पर भाजपा का तंज, कहा- उन्हें खुद नहीं पता कितनी सर्जिकल स्ट्राइक की
बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक (फाइल) 
लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के दौरान भाजपा और खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा को अहम मुद्दा बनाए जाने के बाद अब कांग्रेस भी अपने कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कार्यों का श्रेय लेने से पीछे नहीं रहना चाहती। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला के मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) शासन के दौरान छह सर्जिकल स्ट्राइक करने के दावे की भाजपा ने खिल्ली उड़ाई है। भाजपा ने व्यंग्य के अंदाज में सोशल मीडिया ट्विटर पर ट्वीट कर कहा है कि कांग्रेस को खुद ही पता नहीं कि कितनी सर्जिकल स्ट्राइक हुई।  भाजपा ने अपने ट्वीट में कहा, 'कांग्रेस ने इतनी सर्जिकल स्ट्राइक की, इतनी सर्जिकल स्ट्राइक की... कि उन्हें खुद ही नहीं पता कि कितनी सर्जिकल स्ट्राक की।'
इस ट्वीट के साथ भाजपा ने एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें 'मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान हुई सर्जिकल स्ट्राइक' की कांग्रेस नेताओं द्वारा बताई गई अलग-अलग संख्या को दिखाया गया है। सबसे आखिर में भाजपा ने सेना के बयान के हवाले से दावा किया है कि साल 2016 से पहले भारत के सर्जिकल स्ट्राइक का कोई रेकॉर्ड नहीं है।