सुनवाई के लिए अदालत में पेश हुए एमजे अकबर आपराधिक मानहानि मामले में
एमजे अकबर - फोटो : bharat rajneeti
पूर्व केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर सोमवार को आपराधिक मानहानि मामले में सुनवाई के लिए दिल्ली की रॉउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। इससे पहले उन्होंने अदालत के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था। इस दौरान रमानी की वकील ने उनसे सवाल-जवाब भी किए। अकबर अतिरिक्त प्रमुख मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल के सामने पेश हुए थे। उन्होंने कहा कि उन पर रमानी द्वारा लगाए गए आरोप 'दुर्भावनापूर्ण' और 'मानहानिकारक' हैं।
चार मई को हुई सुनवाई में रमानी की ओर से पेश हुई वरिष्ठ वकील रेबेका जॉन ने अकबर से कुछ सवाल पूछे थे। ये सवाल रमानी के 'द एशियन एज' में काम करने सहित कई अन्य बातों से जुड़े थे। हालांकि अकबर ने ज्यादातर सवालों के जवाब में कहा 'मुझे याद नहीं।' अदालत में करीब दो घंटे तक सुनवाई हुई थी।
क्या है मामला?
रमानी ने 'मी टू अभियान' के तहत अकबर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और कहा था कि यह घटना 20 साल पहले की है जब अकबर पत्रकार थे। अकबर ने इस आरोप से इनकार किया है। अकबर ने इसके बाद पिछले साल 17 अक्तूबर को केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था और रमानी के खिलाफ निजी तौर पर आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया था। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 20 मई को तय की थी।