अब छठे चरण की बारी, Menka, Sanjay Singh, Mukut बिहारी व रीता बहुगुणा ने की तैयारी
संजय सिंह-मेनका गांधी - फोटो : Bharat Rajneeti
Bharat Rajneeti:पांचवें चरण के मतदान के साथ ही चुनावी चक्रव्यूह का छठा द्वार जीतने की जंग तेज हो गई है। इस चरण की 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा 14, कांग्रेस 12, बसपा 10 और सपा 4 सीटों पर लड़ रही है। छठे चरण में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, पूर्व मंत्री संजय सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा और रीता बहुगुणा जोशी समेत कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। साथ ही प्रतापगढ़ में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) का भी परीक्षा होगी।छठे चरण में 12 मई को अवध व पूर्वांचल की सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही संसदीय सीटों पर चुनाव होना है।
2014 में आजमगढ़ को छोड़कर शेष सभी सीटों पर भाजपा विजयी रही थी। बाद में हुए उपचुनाव में फूलपुर सीट सपा ने भाजपा से झटक ली थी। इस बार आजमगढ़ से सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मैदान में हैं।
भाजपा ने उनके सामने भोजपुरी अभिनेता दिनेशलाल यादव निरहुआ को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने यहां प्रत्याशी नहीं उतारा है। सुल्तानपुर में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय गांधी की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां गठबंधन से बसपा प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह सोनू प्रत्याशी हैं।
प्रतापगढ़ में पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने अपनी नवगठित पार्टी जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) से अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल सिंह को उम्मीदवार बनाया है। यहां कांग्रेस से पूर्व सांसद रत्ना सिंह, भाजपा से संगम लाल गुप्ता और बसपा से अशोक त्रिपाठी मैदान में हैं। इलाहाबाद में प्रदेश की काबीना मंत्री रीता बहुगुणा जोशी का मुकाबला गठबंधन व कांग्रेस से है।
वहीं, अंबेडकरनगर में भाजपा ने सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा को टिकट दिया है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेद सिंह का पर्चा खारिज होने से वर्मा का सीधा मुकाबला गठबंधन से बसपा उम्मीदवार रितेश पांडेय से है। भदोही में भाजपा छोड़कर आए रमाकांत यादव कांग्रेस से, पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्रा बसपा और रमाकांत बिंद भाजपा से लड़ रहे हैं।
इसी तरह संतकबीरनगर में कांग्रेस ने सपा छोड़कर आए भालचंद्र यादव को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर भाजपा ने प्रवीण निषाद को टिकट दिया है। निषाद ने गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव सपा प्रत्याशी के तौर पर जीता था। बसपा ने यहां भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी को टिकट दिया है।