जरूरत पड़ने पर एनडीए से हाथ मिलाएं मुसलमान-कांग्रेस नेता रोशन बेग ने कहा

बेग ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा, 'यदि जरूरत पड़ती है तो मुस्लिमों को हाथ मिला लेना चाहिए। हमें एक पार्टी के प्रति वफादार नहीं रहना चाहिए। कर्नाटक में मुस्लिमों के साथ क्या हुआ? कांग्रेस ने केवल एक सीट दी है।' जब उनसे पूछा गया कि क्या वह आने वाले दिनों में कांग्रेस छोड़ने का फैसला लेंगे तो उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह ऐसा करेंगे।
कांग्रेस नेता ने कहा, 'यदि जरूरत पड़ती है तो मैं ऐसा करूंगा क्योंकि मुस्लिम अपमान के साथ किसी पार्टी में नहीं रह सकता है। हम अपनी जिंदगी सम्मान और गरिमा के साथ जीते हैं। जहां हमें इज्जत नहीं मिलती, हम वहीं नहीं रहना चाहते। यदि कोई हमें प्यार और अपनेपन से बिठाता है तो हम वहां बैठ जाते हैं।'
जब उनसे पूछा गया कि कर्नाटक में मुस्लिमों की वर्तमान परिस्थिति के लिए वह किसे दोषी मानते हैं तो बेग ने कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव पर फ्लॉप चुनाव अभियान कराने का आरोप लगाया। उन्होंने सिद्धारमाया पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के जो नेता आसमान में उड़ रहे हैं उन्हें जमीनी हकीकत देखनी चाहिए।
बेग का कहना है कि वह एग्जिट पोल के नतीजों से हैरान नहीं हैं क्योंकि उन्हें शुरुआत से ही पता था कि कांग्रेस को अच्छे नंबर नहीं मिलेंगे। इसकी वजह है पार्टी के लिए हुआ फ्लॉप चुनाव प्रचार अभियान। बेग के बयान पर कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री जी परमेश्वर राव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'बेग का बयान उनकी निजी राय है। यह पार्टी की राय या मूल्यांकन नहीं है।'