उद्धव ठाकरे के रामलला दर्शन पर बोले मुस्लिम पक्षकार, 18 सांसदों के साथ दर्शन करना राजनीति
उद्धव ठाकरे व इकबाल अंसारी। - फोटो : bharat rajneeti
अयोध्या मामले के मुस्लिम पक्षकार इकबाल अंसारी ने उद्धव ठाकरे के शिवसेना सांसदों संग रामलला के दर्शन करने को राजनीतिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि रामलला का दर्शन-पूजन करना अच्छी बात है, लेकिन 18 सांसदों के साथ उद्धव दर्शन करने पहुंचे थे इसमें राजनीति दिख रही है। वह पूरे संगठन के साथ आए थे इसका मतलब इस यात्रा का उद्देश्य धार्मिक नहीं बल्कि राजनीतिक है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या मुद्दे पर बाहर वालों को राजनीति करने की जरूरत नहीं है। मामला सुप्रीम कोर्ट में है। कोर्ट ने समाधान के लिए एक पैनल भी बनाया है जो सभी पक्षों से बात कर रहा है। ऐसे में मामले पर थोड़ा इंतजार कर लेना चाहिए।
गौरतलब है कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी के 18 सांसदों संग रविवार को रामलला के दर्शन किए थे और कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में हिम्मत है। वे अध्यादेश लाएं और राम मंदिर बनाएं। उन्होंने कहा- शिवसेना ने पहले मंदिर फिर सरकार... का संकल्प लिया था। आखिर रामलला टाट में कब तक रहेंगे? मंदिर हमारे लिए चुनावी मुद्दा नहीं है। देश में रामभक्तों की बहुमत की सरकार बनी है और मोदी में हिम्मत है। अब हमारा नारा होगा, कानून लाओ-मंदिर बनाओ।
अन्य पक्षकार भी बोले, उद्धव ठाकरे का अयोध्या दौरा राजनीतिक ड्रामा
राम मंदिर मामले में कुछ नहीं कर सकते उद्धव
हिन्दू पक्षकार निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेन्द्र दास ने कहा कि अयोध्या मामला सुप्रीम कोर्ट में है । मध्यस्थता पैनल भी पक्षकारों से वार्ता कर रहा है । ऐसे में उद्धव ठाकरे की इस अयोध्या यात्रा के केवल राजनीतिक मायने ही है। वह राजनीतिक व्यक्ति हैं तो राजनीति ही करेंगे। राम मंदिर की बात कर रहे हैं उनका स्वागत है, लेकिन वे राम मंदिर मामले में कुछ नहीं कर सकते।
जो भी राम मंदिर की बात करेगा उसका स्वागत
हिंदू पक्ष कार महंत धर्मदास ने कहा कि उद्धव ठाकरे रामलला का दर्शन करने आए थे, अयोध्या में जो भी दर्शन पूजन करेगा उसको पुण्य की प्राप्ति होगी। कहा कि वह राम मंदिर की बात कर रहे हैं उनका स्वागत है। जो भी राम मंदिर के लिए आगे आएगा हम उसके साथ खड़े होंगे। इतना जरूर है कि राम मंदिर के नाम पर राजनीति अब नहीं होनी चाहिए।
ये यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक ड्रामा है
मुस्लिम पक्षकार हाजी महबूब बोले, अयोध्या धर्म नगरी है दर्शन पूजन करने कोई भी आ सकता है। शिवसेना प्रमुख ने राम लला का दर्शन किया हमें कोई एतराज नहीं, अच्छा है, लेकिन राम मंदिर का मामला सुप्रीम कोर्ट में है सुलह समझौते की प्रक्रिया भी चल रही है जो भी होना है वह कोर्ट के माध्यम से ही होना है। ऐसे में यह यात्रा केवल राजनीतिक ड्रामा है।