Rajneeti News: भाजयुमो महानगर अध्यक्ष ने की फायरिंग, वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
शादी समारोह में बंदूक से फायर करते भाजपा नेता - फोटो : bharat rajneeti
भाजयुमो के आगरा महानगर अध्यक्ष का टूंडला में एक बरात के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में भाजपा नेता नाचते और फायरिंग करते दिख रहे हैं।
नगर के आगरा रोड स्थित एक मैरिजहोम में सात जुलाई (रविवार) को फिरोजाबाद के एक परिवार की बेटी की शादी थी। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष गौरव राजावत के परिवार से बरात आई थी। समारोह में गौरव राजावत भी शामिल हुए।
वायरल वीडियो में बरात चढ़ने के दौरान वो सबसे पहले पिस्टल से हर्ष फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। उसके बाद दो नाली बंदूक से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। हर्ष फायरिंग के दौरान कुछ बराती व बैंड वाले डरे-सहमे दूर जाते नजर आ रहे हैं। बताया जाता है भाजपा नेता के नाम कोई लाइसेंसी असलहा नहीं है।
फिरोजाबाद पुलिस अधीक्षक, प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। हर्ष फायरिंग प्रतिबंधित है। फायरिंग करने वाला कोई भी हो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मैं फायरिंग करने वालों को रोक रहा था: गौरव रजावत
भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष गौरव रजावत ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि वह शादी में हर्ष फायरिंग नहीं कर रहे थे बल्कि उन लोगों को रोक रहे थे जो गोली चलाने जा रहे थे।
उन्होंने एक युवक को गोली चलाने से मना किया था, उसके पास जाकर उससे बंदूक छीन ली थी। उसी समय का वीडियो है। पूरा वीडियो देखने पर स्थिति पूरी साफ हो जाती है। कुछ लोग उन्हें ब्लैकमेल करना चाह रहे थे। उनसे कह रहे थे कि पैसा दो, वरना तुम्हारा वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देंगे। शादी के चार दिन बाद यह उन लोगों की करतूत है।