जम्मू में चार हजार जवान हुए तैनात, लागू हुई धारा 144, स्कूल, कॉलेज और मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद

आवश्यक सेवाओं से जुड़े अधिकारियों या कर्मचारियों के लिए जहां कहीं भी जरूरी होगा, उनका परिचय पत्र मूवमेंट पास के रूप में मान्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कर्फ्यू नहीं लगाया गया है, बल्कि केवल पाबंदियां लागू रहेंगी। इस बीच शहर में केबल नेटवर्क भी बंद कर दिया गया है। अचानक धारा 144 लगाने की घोषणा होते ही आम नागरिकों में अफरातफरी की स्थिति देखी गई।
जम्मू में डीसी सुषमा चौहान ने अगले आदेश धारा 144 लागू करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश सोमवार सुबह छह बजे से प्रभावी हो गया है। नगर निगम सीमा में चार या चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी है। किसी भी कार्यक्रम की अनुमति डीसी से लेनी होगी। सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
यह आदेश सभी सरकारी व निजी स्कूल-कॉलेजों तथा शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। यह कदम एहतियातन उठाया गया है। आदेश में कहा गया है कि यह आदेश शांति व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए किया गया है। कठुआ में पहाड़ी इलाकों में भी सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।