बिहारियों पर बयान देकर फंसे केजरीवाल, मनोज तिवारी बोले- सीएम के घृणा भाव का लोग बदला जरूर लेंगे
kejriwal and manoj tiwari
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपने एक भाषण के दौरान बिहारियों का जिक्र करना महंगा पड़ गया। वह एक बार फिर विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। उनके इस बयान पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने उन पर दूसरे राज्यों के लोगों से घृणाभाव रखने का आरोप लगाया है। दरअसल वह अपनी एक सभा में दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोल रहे थे। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में स्वास्थ्य व्यवस्था ऐसी है कि लोगों को सभी दवाएं मुफ्त में मिलती हैं।
उन्होंने ये भी कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में लंबी लाइन लगती है क्योंकि यहां पड़ोसी राज्यों के साथ ही पूरे देश से लोग आते हैं और अपना इलाज करा कर जाते हैं। अगर सिर्फ दिल्लीवाले इन अस्पतालों में आएं तो इतनी लंबी लाइन नहीं लगेगी।
उन्होंने उदाहरण के तौर पर कहा कि, 'जैसे एक बिहार का आदमी 500 रुपये का टिकट लेकर दिल्ली आता है और 5 लाख का इलाज मुफ्त कराकर जाता है। हालांकि ये चीज हमें खुशी देती है क्योंकि ये हमारे देश के ही लोग हैं। लेकिन दिल्ली के अस्पतालों की अपनी क्षमता है। आखिर दिल्ली पूरे देश की सेवा कैसे कर सकती है?'
केजरीवाल के इस बयान के बाद दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी उन पर हमलावर हो गए हैं। उन्होंने कहा, एक बार फिर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घृणा का भाव दिखाया है। अगर बिहार का कोई व्यक्ति दिल्ली आकर इलाज करा लेता है, तो इससे अरविंद केजरीवाल का कलेजा क्यों फट रहा है।
5 लाख तक के इलाज की व्यवस्था तो मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत के तहत कर दी है। ये व्यवस्था तो अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लागू की नहीं। अगर इसका बिहार, दिल्ली, यूपी, हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख तक का इलाज दिया है, तो केजरीवाल का क्यों कलेजा फट रहा है।
अरविंद केजरीवाल मुझसे पर्सनल दुश्मनी निकाल रहे हैं, जिसकी सजा अन्य प्रांतों को दे रहे हैं, तो यह उनकी बौखलाहट है, जो अगली हार के तौर पर दिख रही है। दूसरे राज्यों के प्रति अरविंद केजरीवाल का घृणा वाला भाव दिख रहा है, जिसका बदला लोग जरूर लेंगे।