झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार ने गुरुवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। इस दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मौजूद रहे जिन्होंने अजय कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
गौरतलब है कि अजय कुमार ने झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष पद से अगस्त में ही इस्तीफा दे दिया था। अजय कुमार ने सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि 'आप' ही सच्चे अर्थों में 'आम आदमी' की पार्टी है, जिसमें कोई भी शामिल हो सकता है और विकास के लिए काम कर सकता है।
पूर्व आईपीएस अधिकारी कुमार ने पिछले माह झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कुछ सहयोगियों पर पार्टी की जगह अपने निजी हितों को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है।
कौन हैं अजय कुमार
अजय कुमार का जन्म वत्सला और केएस भंडारी के घर मंगलुरु में हुआ था। इनकी शिक्षा हैदराबाद पब्लिक स्कूल से हुई है। यह 1986 में आईपीएस बने और जमशेदपुर में बतौर एसपी के तौर पर 1994-96 तक काम किया। जमशेदपुर में मीडिया इन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट कहती थी। 1990 के दशक में जमशेदपुर में स्थानीय गुंडों का बहुत आतंक था और शहर में अपराध चरम पर था। उस वक्त बिहार के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव थे और उस वक्त टाटा स्टील के एमडी जेजे ईरानी ने अजय कुमार को जमशेदपुर भेजने की विनती की थी। तब कम समय में ही कुमार जमशेदपुर में अपराध कम करने में सक्षम रहे।