प्लास्टिक देने पर यहां मिलेगा लड्डू, पढ़ें कैसी योजना चला रहे भाजपा के ये नेता
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह - फोटो : bharat rajneeti
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने की बात कही है। इसके बाद से ही भाजपा नेता तरह-तरह के अभियान चलाकर लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने की अपील करेंगे। दिल्ली के अजमेरी गेट पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जो लोग मंत्री को प्लास्टिक की पन्नी, बोतल या अन्य सामान देंगे, उन्हें एक-एक लड्डू दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए 1000 विशेष लड्डू तैयार कराए गए हैं। प्लास्टिक देने वाले लोगों से मंत्री प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने का वायदा भी लेंगे।
भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा सप्ताह के रूप में मना रही है। इस सप्ताह के दौरान भाजपा नेता अलग-अलग तरीके से लोगों की सेवा कर रहे हैं। बीजेपी सांसद सत्य नारायण जाटिया ने सोमवार को विजय गोयल के साथ राम मनोहर लोहिया अस्पताल में जाकर मरीजों को फल बांटा और उनके शीघ्र स्वस्थ कायम होने की कामना की।
मोटरसाइकिल पर 33,000 किलोमीटर की यात्रा करने वाली राजलक्ष्मी मंदा को भी नो यूज प्लास्टिक की थीम के साथ रवाना किया गया है। राजलक्ष्मी दिल्ली से गुजरात के वाडनगर तक की मोटर साइकिल से यात्रा करेंगी और लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल रोकने की अपील करेंगी।