छत्रसाल स्टेडियम में हुई सागर धनखड़ की हत्याकांड के मामले की जांच में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अब फरार चल रहे एक राष्ट्रीय पदक विजेजा पहलवान सुरजीत ग्रेवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस के हत्थे चढे इस आरोपी पहलवानर पर 50 हजार का इनाम भी घोषित था। यह ओलंपयिन पहलवान सुशील कुमार का सहयोगी है। सुरजीत हरियाणा के भिवानी स्थित गांव बामला का निवासी है। पुलिस की मानें तो वह भी छत्रसाल स्टेडियम में सागर के साथ हुई मारपीट की घटना के दौरान सुशील के साथ था।
डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बुधवार को सूचना मिली कि इस मामले में फरार चल रहा इनामी आरोपी सुरजीत अपने पैतृक गांव आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम गठित की गई और गांव से सुरजीत को टीम ने दबोच लिया गया। सुरजीत ने पूछताछ में काफी अहम जानकारी दी है। सुरजीत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मारपीट करने वालों में वह शामिल था।
घटना वाली रात को सुशील कुमार ने ना केवल सागर धनकड़, सोनू महल और भरत सिंह उर्फ भगता की पिटाई की थी, बल्कि सबसे पहले सुशील ने अपने सयोगियों के साथ विकास उर्फ ढोली, अरविंद उर्फ ब्रह्मचारी, रविंदर उर्फ भिंडा की छत्रसाल स्टेडियम में पिटाई की थी। उसके बाद सुशील स्टेडियम से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने सहयोगी प्रिंस दलाल, सुनील उर्फ अजय स्टेडियम में हथियार के साथ आए। उसके बाद वे सभी शालीमार बाग गए, जहां से वे जबरन अमित और रविंदर को कार में अगवा कर लाए। उसके बाद सुरजीत और सुशील के अन्य सयोगियों ने उनकी पिटाई की। बाद में वे मॉडल टाउन गए, जहां से सागर धनकड़, सोनू महल और भरत सिंह को लेकर आए और उनकी जमकर पिटाई की।
अबतक 13 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी प्रिंस को घटना वाले दिन ही दबोच लिया था, जबकि इसके बाद सुशील कुमार और अजय को स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। वहीं असौदा-बवाना गैंग के चार अन्य बदमाशों भूपेंद्र उर्फ भूपी, मोहित उर्फ भोली, गुलाब उर्फ पहलवान और मनजीत उर्फ चुन्नीलाल को गिरफ्तार किया था। फिर शुक्रवार को विरेंदर उर्फ विंदर और रोहित करोर को पुलिस ने दबोचा। वहीं 11 जून को सोनीपत के अनिरूद्ध नाहरी नाम के एक पहलवान की गिरफ्तारी हुई। इस मामले में आरोपी जूडो कोच सुभाष को 15 जून को दबोचा गया जबकि 26 जून को जूनियर पहलवान गौरव को गिरफ़्तार किया गया। वहीं अब सुरजीत गेरवाल को पुलिस ने दबोचा है। मुख्य आरोपी सुशील कुमार है। सुशील को जेल में रखा गया है।
कौन है सुरजीत गेरवाल
सुरजीत गेरवाल दिल्ली की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती करता था। साल 2018 में 65 किलो की कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीत चुका है। इसके साथ ही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में साल 2012, 2014 और 2018 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका है। साथ ही साल 2020 में उसने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली कुश्ती में हिस्सा ले चुका है।
क्या था मामला
गत 4 मई, 2021 को देर रात दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में सुशील कुमार अपने कुछ साथियों के साथ सागर और उसके कुछ दोस्तों को लेकर पहुंचा और वहां उनलोगों की जमकर पिटाई की गई, जिसमें सागर धनकड़ की मौत हो गई, जबकि उसके साथी बुरी तरह से घायल हो गए। कुछ का अभी भी इलाज चल रहा है। उधर वारदात के बाद सुशील कुमार फरार हो गया था, उसे काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने गत 23 मई को गिरफ्तार किया। इसके बाद से ही एक-एक कर इस वारदात के आरोपियों की गिरफ्तारी कर रही है।