भारतीय जनता पार्टी की जनविश्वास यात्राएं सोमवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरीं जहां जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। झांसी से निकली यात्रा के साथ चल रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को ललितपुर में जनसभा में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुंडे, माफिया के लिए ही अनुपयोगी हैं। प्रदेश की 24 करोड़ जनता के लिए वे अनुपयोगी हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे माफिया की कमर तोड़ दी, इसलिए वह अखिलेश यादव के लिए अनुपयोगी हैं।
भाजपा की जनविश्वास यात्राएं विभिन्न क्षेत्रों से गुजरीं जहां जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। झांसी से निकली यात्रा के साथ चल रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को ललितपुर में जनसभा में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुंडे माफिया के लिए ही अनुपयोगी हैं।
बिजनौर से निकली यात्रा मुजफ्फरनगर पहुंची। इस दौरान केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी और अनिल शर्मा रथ पर उपस्थित रहे। यात्रा खतौली और बुढ़ाना होते हुए सदर विधानसभा पहुंची। मथुरा से चली यात्रा अलीगढ़ के खैर क्षेत्र पहुंची जहां ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा, मंत्री चौधरी उदयभान उपस्थित थे। अलीगढ़ सदर क्षेत्र में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा रोड शो में शामिल हुए। रोड शो के बाद यात्रा अतरौली होते हुए छर्रा पहुंची। इसके बाद हाथरस के सिकंदरा राऊ में स्वागत व जनसभा हुई जिसे उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने संबोधित किया।
अंबेडकर नगर से निकली यात्रा अयोध्या जिले में पहुंची जहां गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने उसका स्वागत किया। यात्रा में कैबिनेट ब्रजेश पाठक, मुकुट बिहारी वर्मा, सांसद लल्लू सिंह उपस्थित थे। यात्रा बीकापुर और मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्रों से भी गुजरी जहां इनायतनगर में हुई सभा में मुकुट बिहारी वर्मा ने मोदी और योगी सरकारों की उपलब्धियां गिनाईं।
बलिया से शुरू हुई यात्रा जिले के बांसडीह क्षेत्र पहुंची जहां हुई जनसभा को केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, देवरिया के सांसद रमापति राम त्रिपाठी व राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद ने संबोधित किया। यात्रा बांसडीह, फेफना और रसड़ा से भी गुजरी जिसमें राज्य मंत्री आंनद शुक्ल, उपेंद्र तिवारी भी उपस्थित रहे। देर रात यात्रा मऊ के लिए निकल गई। गाजीपुर से निकली यात्रा सोमवार को जहूराबाद, मोहम्मदाबाद होते हुए जंगीपुर पहुंची। इसके बाद यात्रा जखनियां और फिर सैदपुर पहुंची जहां पर जनसभा को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर व राज्यमंत्री रामशंकर पटेल ने संबोधित किया।
धर्मेंद्र प्रधान घोसी और दिनेश शर्मा हाथरस में करेंगे सभा : प्रदेश के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार को जनविश्वास यात्रा के तीसरे दिन मऊ के घोसी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा हाथरस में सभा करेंगे। आगरा में यात्रा के दौरान होने वाले रोडशो में भी मुख्य अथिति के रूप में उपस्थित रहेंगे।
पूर्ववर्ती सरकारों में बिजली नहीं, सिर्फ बिल आता था : महोबा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले की सरकारों में तारों से करंट नहीं, सिर्फ बिजली का बिल आने पर लोगों को झटका लगता था। अब गांव से लेकर शहर तक पर्याप्त बिजली मिल रही है। महोबकंठ में जनसभा में उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ कोई एक पैसे के घोटाले का आरोप नहीं लगा सकता।